यूपी – बरेली: अब भाईदूज और छठ पूजा का दबाव, हवाई किराया महंगा, ट्रेनों में सीटें फुल, नहीं मिल रहे कंफर्म टिकट – INA

दिवाली के बाद अब भाई दूज और छठ पूजा के दौरान ट्रेनों व बसों में मारामारी रहेगी। इस दौरान हवाई किराया महंगा हो गया है और नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। विशेष ट्रेनों में किराया 30 फीसदी तक ज्यादा है। हालांकि, बरेली होकर गुजरने वाली अप-डाउन 20 से ज्यादा विशेष ट्रेनों में सीटें खाली हैं।
बरेली से मुंबई, दिल्ली, बंगलूरू और नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए उड़ान की सुविधा है। वहीं, इस बार रेलवे बरेली होकर अप-डाउन 72 विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। 102 नियमित गाड़ियों में सीटें फुल होने के कारण कई बार ऐन मौके पर विशेष ट्रेन चलानी पड़ रही है। रेलवे ने शनिवार को भी ऐन मौके पर बरेली होकर 10 विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी की।
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव और इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि जिन रूटों पर टिकटों की मांग जयादा है, उन पर अतिरिक्त विशेष ट्रेनों के संचालन के लिए रैक तैयार रखी गई हैं।