सऊदी- बिना शादी मां बनने पर 100 कोड़े की सजा:एक साल से बेटे के साथ देश में फंसी, घर लौटने की कोशिश भी नाकाम- INA NEWS

सऊदी अरब में बिना शादी बच्चा पैदा करने पर 40 साल की केन्याई महिला एस्तेर वांजा मुथोनी को 100 कोड़े मारने की सजा सुनाई गई है। वह पांच बच्चों की मां हैं। उन्होंने अगस्त 2025 में सऊदी अरब में एक बेटे को जन्म दिया था। इसके बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने पुलिस को इसकी जानकारी दे दी। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया और बाद में उनके खिलाफ केस चलाया। रियाद की एक अदालत ने अक्टूबर में उन्हें शादी के बाहर संबंध बनाने का दोषी ठहराया। मुथोनी एक साल से अपने छोटे बेटे अबूडी के साथ केन्या लौटने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन कानूनी कार्रवाई के चलते ऐसा नहीं कर पाईं। अब अदालत ने उन्हें 100 कोड़े मारने के साथ एक साल तक देश से बाहर रहने की सजा भी सुनाई है। अभी तक कोड़े मारने की सजा की तारीख तय होने की जानकारी सामने नहीं आई है। मिस्र के व्यक्ति से प्रेम हुआ, वह देश छोड़कर चला गया मुथोनी सऊदी अरब में महारा ह्यूमन रिसोर्सेज नाम की कंपनी के जरिए घरेलू सहायिका का काम कर रही थीं। इसी दौरान उनका मिस्र के एक व्यक्ति महमूद के साथ प्रेम हुआ। इसी रिश्ते से वह गर्भवती हुईं। बाद में महमूद सऊदी अरब छोड़कर चला गया। अगस्त 2025 में मुथोनी ने कंपनी के स्टाफ आवास में बेटे को जन्म दिया। उनकी सुपरवाइजर उन्हें अस्पताल ले गईं, जहां कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दे दी। पूछताछ में मुथोनी ने बताया कि बच्चे का पिता देश छोड़ चुका है। रिहा होने के बाद उन्हें कंपनी के आवास में वापस रहने की जगह नहीं मिली। एक शेल्टर होम ने भी उन्हें रखने से मना कर दिया। केन्या के दूतावास से भी मदद नहीं मिली। मजबूर होकर वह रियाद के एक पेट्रोल पंप पर रहने लगीं। वहां कई दूसरी प्रवासी महिलाएं भी अपने बच्चों के साथ अपने देश लौटने का इंतजार कर रही थीं। बिना शादी बच्चे को जन्म देने पर हर महिला को सजा नहीं मिलती न्यूयॉर्क टाइम्स की जांच के मुताबिक, सऊदी अरब में बिना शादी बच्चे को जन्म देने वाली कई महिलाओं को किसी तरह की कानूनी कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ता। अखबार ने ऐसी कई महिलाओं से बात की, जिन्होंने बताया कि उन्हें इस वजह से कोई सजा नहीं मिली। मुथोनी के मामले में कार्रवाई क्यों हुई, यह साफ नहीं है। अदालत के फैसले में बच्चे के पिता के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का भी कोई जिक्र नहीं है। सऊदी अरब में बिना शादी बच्चे को जन्म देने वाली महिलाओं के बच्चों को अक्सर जन्म प्रमाणपत्र नहीं मिल पाता। इसके कारण उनके लिए यात्रा करना और अपने देश लौटना मुश्किल हो जाता है। 2020 में कोड़े मारने की सजा पर रोक लगी थी सऊदी अरब की कानूनी व्यवस्था इस्लामी कानून यानी शरिया पर आधारित है। वहां बिना शादी शारीरिक संबंध बनाना अपराध माना जाता है। हालांकि, देश में लिखित आपराधिक कानून नहीं है। ऐसे मामलों में जज शरिया की अपनी व्याख्या के आधार पर फैसला सुनाते हैं। इस वजह से यह तय करना मुश्किल होता है कि किस व्यवहार पर क्या सजा मिलेगी। साल 2020 में सऊदी अरब ने कुछ अपराधों में कोड़े मारने की सजा खत्म करने का फैसला किया था। लेकिन यह बदलाव उन अपराधों पर लागू नहीं हुआ, जिनकी सजा शरिया में तय मानी जाती है। इनमें शादी के बाहर शारीरिक संबंध और शराब पीने जैसे अपराध शामिल हैं। मुथोनी को 100 कोड़े मारने की सजा इसी धार्मिक कानून की एक व्याख्या के आधार पर सुनाई गई है। सजा देने के दौरान महिलाओं को बैठाकर और कपड़े पहनाकर बांस की छड़ी से शरीर पर मारा जाता है। हालांकि, यह पता लगाना मुश्किल है कि सऊदी अरब में ऐसे मामलों में कितनी बार कोड़े मारने की सजा दी जाती है। वहां अदालतों के फैसले आमतौर पर सार्वजनिक नहीं किए जाते।

Table of Contents

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button
Close
Crime
Social/Other
Business
Political
Editorials
Entertainment
Festival
Health
International
Opinion
Sports
Tach-Science
Eng News