चीनी व्लॉगर्स ने ढाका की झुग्गी-बस्ती को दिल्ली का बताया:भारत ने नाराजगी जताई, कहा- झूठी बातें फैलाने से कोई विश्वास नहीं करेगा- INA NEWS

बांग्लादेश में कुछ चीनी व्लॉगर्स ढाका की झुग्गी-बस्तियों में जाकर वीडियो बना रहे थे। आरोप है कि वे इन इलाकों को भारत की राजधानी दिल्ली बताकर चीनी सोशल मीडिया पर लाइव दिखाते थे। भारत ने मंगलवार को इस पर नाराजगी जताई और कहा कि कुछ लोग विदेशी नागरिकों को पैसे देकर ढाका को दिल्ली बताने की कोशिश कर रहे हैं। इस तरह झूठी बातें फैलाने से कोई उन पर विश्वास नहीं करेगा। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि, हमने इस बारे में मीडिया रिपोर्ट्स देखी हैं। किसी भी देश की गलत तस्वीर पेश करने की ऐसी कोशिशें दुर्भाग्यपूर्ण हैं। मैं बांग्लादेश के अधिकारियों से ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील करूंगा। ढाका में 150 से ज्यादा चीनी नागरिक वीडियो बना रहे थे मामला बांग्लादेश के अखबार प्रथम आलो की एक जांच रिपोर्ट के बाद सामने आया था। अखबार के मुताबिक ढाका में 150 से ज्यादा चीनी नागरिक गरीब बस्तियों के वीडियो बना रहे थे। वे इन वीडियो को चीन के सोशल मीडिया वीचैट जैसे प्लेटफॉर्म वीचैट और डोयिन पर लाइव दिखा रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक ये लोग ढाका के उत्तरा इलाके के सेक्टर-12 और टेकपाड़ा में वीडियो बना रहे थे। यहां कम आमदनी वाले परिवार रहते हैं। इलाके में संकरी गलियां और टिन की छत वाले छोटे-छोटे घर हैं। 1 नवंबर को मियांमियां नाम की एक चीनी महिला ने उत्तरा सेक्टर-12 से लाइव वीडियो बनाया। उसने इस जगह को नई दिल्ली बताया। वीडियो में वह वहां के घरों को गंदा और इलाके को पिछड़ा बता रही थी। उसने यह भी कहा कि टिन की छत वाले घरों में पंखे तक नहीं हैं। इसी तरह वांग वेई नाम के एक चीनी नागरिक ने टेकपाड़ा में चाय की दुकानों का वीडियो बनाया। उसने वहां मिलने वाली चाय को ‘गाय के पेशाब वाली चाय’ बताया। प्रथम आलो ने इन वीडियो में कही गई बातों का चीनी भाषा से अनुवाद किया। स्थानीय लोगों ने बिना इजाजत वीडियो बनाने की शिकायत की रिपोर्ट के मुताबिक इलाके के लोगों ने शिकायत की कि कुछ चीनी नागरिक बिना इजाजत उनके घरों में घुस जाते थे। वे घरों, रसोई और दूसरी निजी जगहों के वीडियो बनाने लगते थे। कुछ लोगों ने बाथरूम तक में कैमरा ले जाने की शिकायत की। लोगों का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो ये लोग माफी मांगकर चले गए। लेकिन कुछ समय बाद फिर वीडियो बनाने पहुंच जाते थे। वीडियो बनाने में मदद करने पर पैसे देते थे चीनी व्लॉगर्स रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि कुछ स्थानीय लोगों को वीडियो बनाने में मदद करने के लिए रोजाना 700 से 800 बांग्लादेशी टका दिए जाते थे। हालांकि, यह साफ नहीं है कि उन्हें पैसे कौन दे रहा था और वीडियो बनाने के पीछे किसका हाथ था। उत्तरा वेस्ट पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने माना कि उन्होंने इलाके में विदेशी नागरिकों को वीडियो बनाते देखा था। पुलिस अधिकारी मोहम्मद खालिद मंसूर ने कहा कि उन्हें इन वीडियो के पीछे का मकसद पता नहीं है। उन्होंने इस बारे में अपने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी थी। ———————————— यह खबर भी पढ़ें… बांग्लादेश में बसें फूंकीं, थानों के बाहर बम धमाके: पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में वापसी की तैयारी से बढ़ा तनाव बांग्लादेश की राजधानी ढाका में पिछले कुछ दिनों से हिंसा की घटनाएं बढ़ गई हैं। 8 और 9 नवंबर को कई जगह धमाके और आगजनी हुई है। पूरी खबर पढ़ें…
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |