प्रदूषण पर लगाम लगाने सड़कों पर उतरीं MCD-PWD की टीमें:वजीरपुर हॉटस्पॉट पर धूल नियंत्रण की समीक्षा, एंड्रयूज गंज में निगम स्कूल की सुविधाएं जांचीं- INA NEWS

राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण और बदहाल नागरिक सुविधाओं को लेकर दिल्ली नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने अलग-अलग इलाकों में निरीक्षण अभियान चलाया। वजीरपुर प्रदूषण हॉटस्पॉट पर धूल और स्थानीय प्रदूषण स्रोतों की रोकथाम के उपायों की समीक्षा की गई। वहीं, एंड्रयूज गंज में निगम स्कूल और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया गया। वजीरपुर में नोडल अधिकारी एवं पीडब्ल्यूडी के प्रधान सचिव और एमसीडी के सेंट्रल-नॉर्थ जोन के डिप्टी कमिश्नर के नेतृत्व में संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने सड़क की धूल और स्थानीय स्तर पर प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों की पहचान कर नियंत्रण उपायों की समीक्षा की। अधिकारियों ने सभी विभागों को आपसी तालमेल से प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निगम स्कूलों में सुविधाओं की कमी पर होगी कार्रवाई दूसरी ओर, साउथ-ईस्ट जोन के डिप्टी कमिश्नर ने क्षेत्रीय पार्षद और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एंड्रयूज गंज का निरीक्षण किया। टीम ने निगम स्कूल पहुंचकर साफ-सफाई, रखरखाव और बच्चों को उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति जांची। डिप्टी कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि निगम स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। रखरखाव और सुविधाओं में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |