यूपी – सुना है क्या: ‘राजनीतिक शिष्टाचार’, साथ ही ‘पब्लिक सब जानती है व ख्वाहिश इतनी कि बस जलवा बरकरार रहे’ के किस्से – INA

यूपी के राजनीतिक गलियारे और प्रशासनिक गलियों में आज तीन किस्से काफी चर्चा में रहे। चाहे-अनचाहे आखिर ये बाहर आ ही जाते हैं। इन्हें रोकने की हर कोशिश नाकाम होती है। आज की कड़ी में ‘लाल टोपी का राजनीतिक शिष्टाचार’ की कहानी। इसके अलावा ‘ये पब्लिक है, सब जानती है…’ और ‘ख्वाहिश इतनी कि बस जलवा बरकरार रहे’ के किस्से भी चर्चा में रहे। . पढ़ें, नई कानाफूसी…
लाल टोपी का राजनीतिक शिष्टाचार
बड़े-बड़े राजनीतिक विश्लेषक हैरत में हैं। लाल टोपी वाले नेताजी ने उस मोर्चे का न सिर्फ स्वागत किया, बल्कि उसे शुभकामनाएं भी दीं, जो दलित व अल्पसंख्यकों के वोट को अपने पक्ष में करने का दावा कर रहा है। इसके पीछे के कारणों पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। वैसे पता चला है कि मोर्चे के एक नेताजी के विदेश दौरे की फंडिंग का मामला सार्वजनिक हो गया है। इस कार्यक्रम के आयोजक भी पहले से स्थापित बड़े संगठन के सदस्य हैं। इसलिए लाल टोपी वाले दल ने रणनीति बनाई कि राजनीतिक शिष्टाचार के तहत विरोधी मोर्चे के गठन स्वागत कर उसके पीछे की राजनीति को खामोशी के साथ जन-जन तक पहुंचा दिया जाए।
ये पब्लिक है, सब जानती है…
सूबे में नये सियासी समीकरण बनने के साथ ही एक दल को फिर से मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। नया समीकरण उनके दल को ही सबसे ज्यादा नुकसान कर सकता है लिहाजा कुछ नहीं बोलने में भी अपनी भलाई समझ चुप्पी साध ली है। अब सारी उम्मीदें जल्द होने वाले शक्ति प्रदर्शन पर हैं जिससे कुछ माहौल बनने की उम्मीद है। लेकिन यहां भी समीकरण वाले एक कदम . हैं और उनसे पहले खुद का माहौल बनाने में जुटे हैं। ऐसे में अधिक ताकत दिखाना जरूरी है पर अब लोग कहां से जुटेंगे। वे तो नये समीकरण में संभावनाएं तलाशने लगे हैं। वैसे भी ये पब्लिक है, सब जानती है….
ख्वाहिश इतनी कि बस जलवा बरकरार रहे
चुनाव के मद्देनजर खाकी वाले विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल होने वाला है। मंथन जारी है। एक कमिश्नरेट के मुखिया का बदलना तय है। गंगा किनारे वालों का भी नाम शामिल हो सकता है। कई जिलों के कप्तान समेत तमाम फील्ड के अधिकारी भी इधर से उधर किए जाएंगे। ये सब एक दुआ मांग रहे हैं। ये तो पता ही है कि बदलाव तो तय है बस वह इतनी ख्वाहिश रख रहे हैं कि भले जिला बदल जाए लेकिन जलवा वही रहे जो वर्तमान में है। मतलब फील्ड में उनकी जोरआजमाइश चल रहे। फिलहाल अब देखना होगा कि वक्त ने उनके लिए क्या तय कर रखा है।