Sport : Explainer: डबल ट्रेड डील से कितनी मजबूत हुई चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद? जानें कैसे बदला दोनों टीमों का समीकरण #INA

IPL 2027: इंडियन प्रीमियर लीग हमेशा अपने रोमांचक मैचों के लिए जाना जाता है, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही पर्दे के पीछे जो रणनीतियां बनती हैं, वे भी किसी थ्रिलर से कम नहीं होती हैं. आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन और रिटेंशन डेडलाइन से ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एक ऐतिहासिक डबल ट्रेड डील (चार खिलाड़ियों की अदला-बदली) हुई है. इस मेगा डील के तहत इंग्लैंड के आक्रामक ऑलराउंडर लियम लिविंगस्टोन और ऑस्ट्रेलिया के जैक एडवर्ड्स अब चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बन गए हैं. जबकि भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद और ऑस्ट्रेलियाई डेथ ओवर स्पेशलिस्ट नाथन एलिस सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में शामिल हो गए हैं. इस बड़े उलटफेर ने दोनों ही टीमों का पूरा समीकरण बदल कर रख दिया है. तो आइए इस ऑर्टिकल में समझते हैं कि इस डील के बाद दोनों टीमें कितनी मजबूत हुई हैं, किस खिलाड़ी के आने से क्या फायदा होगा और आगामी सीजन के लिए दोनों टीमों का नया समीकरण कैसा नजर आ रहा है. 

इस ट्रेड डील की सबसे खास बात यह है कि दोनों ही फ्रेंचाइजियों ने अपनी-अपनी कमजोरियों को भांपते हुए इस अदला-बदली को अंजाम दिया है. जहां चेन्नई को पिछले सीजन में मीडिल ऑर्डर और फिनिशिंग डिपार्टमेंट में जूझना पड़ा था, तो वहीं हैदराबाद की टीम अपनी तेज गेंदबाजी को और अधिक धारदार बनाना चाहती थी. 

क्यों पड़ी SRH और CSK को इस ट्रेड की जरूरत?

इस बड़ी डील के पीछे चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के आईपीएल 2026 के प्रदर्शन और उनकी कमजोरियों रहा है. पिछले सीजन में एसआरएच ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए 14 मैचों में 9 जीत के साथ प्लेऑफ का टिकट कटाया था और वे प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर रहे थे. जबकि पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए पिछला सीजन काफी निराशाजनक रहा. चेन्नई की टीम को 14 मैचों में सिर्फ 6 जीत मिली और 12 अंकों के साथ 8वें स्थान पर रही. 

चेन्नई की इस नाकामी की एक बड़ी वजह दिग्गज एमएस धोनी का चोटों के चलते पूरे सीजन से बाहर रहना था, जिसकी वजह से टीम के पास आखिरी के ओवरों में कोई बड़ा फिनिशर नहीं बचा था. शिवम दुबे पर मीडिल ऑर्डर का पूरा दबाव आ गया था और चेन्नई आखिरी के 5 ओवरों में तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही थी. वहीं दूसरी तरफ, हैदराबाद के पास लियम लिविंगस्टोन जैसा 13 करोड़ का महंगा खिलाड़ी मौजूद तो था, लेकिन वे उन्हें अपनी प्लेइंग 11 में फिट नहीं कर पा रहे थे और पूरे सीजन में लिविंगस्टोन सिर्फ 2 मैच ही खेल पाए थे. ऐसे में हैदराबाद को अपनी बेंच स्ट्रेंथ के बदले एक गेंदबाजी आक्रमण की जरूरत थी. जबकि चेन्नई को किसी भी कीमत पर एक विस्फोटक ऑलराउंडर चाहिए था.

लियम लिविंगस्टोन का आना CSK की बड़ी लॉटरी

इस पूरी डील का सबसे बड़ा आकर्षण इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी लियम लिविंगस्टोन का चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल होना है. लिविंगस्टोन को सनराइजर्स हैदराबाद ने पिछली नीलामी में पूरे 13 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में खरीदा था. लेकिन सीएसके की शानदार नेगोशिएशन स्किल्स की वजह से लिविंगस्टोन अब सिर्फ 6 करोड़ रुपये की फीस पर चेन्नई का हिस्सा बने हैं. यानी लिविंगस्टोन ने CSK में आने के लिए सीधे तौर पर 7 करोड़ रुपये का भारी पे-कट लिया है. 

CSK के लिए लिविंगस्टोन एक परफेक्ट खिलाड़ी साबित होने वाले हैं. वे न सिर्फ मैदान के किसी भी कोने में लंबे छक्के लगाने की काबिलियत रखते हैं, बल्कि चेपॉक की स्पिन-अनुकूल पिच पर अपनी लेग-स्पिन और ऑफ-स्पिन गेंदबाजी से भी मैच का रुख पलट सकते हैं. एमएस धोनी के बाद चेन्नई को जिस एक आक्रामक फिनिशर की तलाश थी, वह लिविंगस्टोन के रूप में पूरी होती दिख रही है. अब मध्यक्रम और निचले क्रम में शिवम दुबे और लियम लिविंगस्टोन की जोड़ी विरोधी गेंदबाजों के पसीने छुड़ाने के लिए पूरी तरह तैयार है.

चेन्नई को मिला भविष्य का सितारा

लिविंगस्टोन के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया के उभरते हुए सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स भी अपनी पुरानी 3 करोड़ रुपये की फीस पर चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बन गए हैं. एडवर्ड्स को हैदराबाद ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने से पहले ही अपनी टीम के साथ जोड़ा था, लेकिन दुर्भाग्य से पैर की चोट के कारण वे आईपीएल 2026 के एक भी मैच में हिस्सा नहीं ले पाए थे.

चेन्नई सुपर किंग्स हमेशा से ही ऐसे ऑलराउंडर्स को अपनी टीम में रखना पसंद करती है जो मीडियम गति की तेज गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में गहराई दे सकें. जैक एडवर्ड्स ठीक इसी प्रोफाइल में फिट बैठते हैं. उनके आने से चेन्नई के पास विदेशी खिलाड़ियों के चयन में एक शानदार विकल्प मिल गया है, जिससे टीम की प्लेइंग11 बेहद संतुलित और लचीली हो जाएगी.

खलील अहमद की घर वापसी

सनराइजर्स हैदराबाद की बात करें तो अपने गेंदबाजी विभाग को मजबूत करने के लिए SRH ने खलील अहमद को अपनी टीम में वापस बुला लिया है. खलील अहमद के लिए यह एक तरह से घर वापसी जैसी है, क्योंकि वे इससे पहले साल 2018 से 2021 तक हैदराबाद का ही हिस्सा थे. खलील को हैदराबाद ने उनकी पुरानी 4.8 करोड़ रुपये की फीस पर ट्रेड किया है.

खलील का ट्रैक रिकॉर्ड बेहतरीन रहा है; आईपीएल 2025 में उन्होंने सीएसके के लिए खेलते हुए 14 मैचों में शानदार 15 विकेट चटकाए थे. हालांकि, आईपीएल 2026 में वे इंजरी के कारण सिर्फ 5 मैच ही खेल पाए थे. अब जब वे पूरी तरह फिट हैं, तो हैदराबाद के पास एक बेहतरीन बाएं हाथ का स्विंग गेंदबाज मिल गया है. हैदराबाद की पिचों पर शुरुआती ओवरों में खलील अहमद की स्विंग गेंदबाजी विरोधी टीम के सलामी बल्लेबाजों के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकती है.

नाथन एलिस का अनुभव

ट्रेड डील के चौथे खिलाड़ी के रूप में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज नाथन एलिस अपनी 2 करोड़ रुपये की मौजूदा फीस के साथ सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा बने हैं. नाथन एलिस भी हैमस्ट्रिंग की गंभीर चोट के चलते पिछले सीजन में एक भी मैच नहीं खेल सके थे, लेकिन टी20 क्रिकेट में उनका अनुभव शानदार रहा है.

नाथन एलिस को दुनिया भर की टी20 लीग्स में स्लोअर और सटीक यॉर्कर फेंकने के लिए जाना जाता है. आईपीएल के डेथ ओवरों में जहां रन रोकना सबसे मुश्किल काम होता है, वहां एलिस हैदराबाद के कप्तान के लिए एक ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं. कप्तान पैट कमिंस के साथ मिलकर नाथन एलिस हैदराबाद के तेज गेंदबाजी आक्रमण को दुनिया के सबसे खतरनाक अटैक में से एक बना देंगे.

यह भी पढ़ें:  ‘वो मुंबई में आकर फंस गया है…’ MI छोड़कर इस टीम में जाएंगे हार्दिक पांड्या तो होगा फायदा, पूर्व क्रिकेटर ने बताया नाम

Explainer: डबल ट्रेड डील से कितनी मजबूत हुई चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद? जानें कैसे बदला दोनों टीमों का समीकरण





देश दुनियां की खबरें पाने के लिए ग्रुप से जुड़ें,

#INA #INA_NEWS #INANEWSAGENCY

Copyright Disclaimer :->/b>Under Section 107 of the Copyright Act 1976, allowance is made for “fair use” for purposes such as criticism, comment, news reporting, teaching, scholarship, and research. Fair use is a use permitted by copyright statute that might otherwise be infringing., educational or personal use tips the balance in favor of fair use.
Credit By :-This post was first published on newsnationtv.com, we have published it via RSS feed courtesy of Source link,

Back to top button
Close