खबर शहर , Agra News: जिस बालक को कोबरा ने डसा था, उसके घर पहुंचा नाग – INA

बाह। चौरंगाहार गांव में 8 दिन पहले घर में घुसे कोबरा ने 9 साल के अरुण को डस लिया था। मंगलवार को बालक के घर पर दूसरा नाग पहुंच गया। जिससे परिवार एवं पड़ोस में दहशत फैल गई। वन विभाग की टीम ने नाग को रेस्क्यू कर बीहड़ में छोड़ा।
एक सितंबर की शाम 7 बजे चौरंगाहार गांव में शिवनरेश के 9 साल के बेटे अरुण की गेंद घर में चली गई थी। झुक कर गेंद उठाते समय कोबरा ने उसके हाथ की एक अंगुली में डस लिया था। डसने के बाद कोबरा घर में ही फन फैला कर बैठ गया था। पहले परिजन अरुण को इलाज के लिए बाह के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद एसएन मेडीकल कॉलेज आगरा के लिए रेफर कर दिया था। कोबरा घर के अंदर था, परिजन दहशत में घर में घुसने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। वन विभाग की टीम ने कोबरा को रेस्क्यू कर बीहड़ में सुरक्षित छोड़ा था। स्वस्थ होने पर परिजन अरुण को घर ले आए थे। मंगलवार को शिवनरेश के घर पर दूसरा नाग पहुंच गया, जिससे परिवार और पड़ोस में दहशत फैल गई।
चौरंगाहार में जिस घर से एक सितंबर को कोबरा को रेस्क्यू किया गया था। उसी घर तक दूसरा नाग पहुंचा था। वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर बीहड़ के प्राकृतिक रहवास में सुरक्षित छोड़ा गया है।- राजवीर सिंह सेंगर, वन क्षेत्र अधिकारी, सामाजिक वानकी रेंज, जैतपुर