खबर शहर , Agra News: ट्रेनों में नो रूम, सीट की जद्दोजहद में मुसाफिर – INA

आगरा। दिवाली और छठ पूजा पर अपनों के बीच पहुंचने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए रेल सफर मुश्किल हो रहा है। त्योहार से पहले ही ट्रेनों में सीटों का संकट खड़ा हो गया है।
आगरा से गुजरने वाली मुंबई, बंगलूरू, दिल्ली और जम्मू की ओर जाने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में वेटिंग 125 के पार हो गई है। स्लीपर से लेकर एसी श्रेणी तक कंफर्म सीट मिलना मुश्किल हो गया है। कई ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है। ऐसे में मुसाफिरों को त्योहार पर घर पहुंचने के लिए लंबी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
गाड़ी संख्या 12162 लश्कर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 14 नवंबर को द्वितीय एसी में रिग्रेट, तृतीय एसी में 119 और स्लीपर में 126 की वेटिंग है। 12618 मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस में 5 नवंबर को द्वितीय एसी में 27, तृतीय एसी में 53 और स्लीपर में 104 की वेटिंग है। 22222 सीएसएमटी राजधानी एक्सप्रेस और 22692 शताब्दी राजधानी एक्सप्रेस में 5 नवंबर को तृतीय एसी में 109-109 की वेटिंग है। यही हाल अन्य ट्रेनों की भी है। वहीं 12919 मालवा एक्सप्रेस में स्लीपर में नो रूम है ।
मरुधर एक्सप्रेस में धक्कामुक्की
बुधवार शाम आगरा फोर्ट स्टेशन पर मरुधर एक्सप्रेस के पहुंचते ही सीट पाने के लिए यात्रियों में आपाधापी मच गई। कोच में जगह पाने के लिए यात्री दौड़ पड़े। गेट पर धक्कामुक्की की स्थिति बन गई। भीड़ की वजह से स्लीपर और जनरल कोच में अंतर करना मुश्किल हो रहा था। आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि दिवाली और छठ पूजा के त्योहार पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया जा रहा है। फेरे भी बढ़ाए गए हैं। कुछ कोच भी जोड़े जा रहे हैं।