आगरा। आगरा-मथुरा की इलेक्ट्रिक बसों में टिकट व्यवस्था के लिए नई एजेंसी चुनी जाएगी। मौजूदा एजेंसी का अनुबंध 16 दिसंबर को पूरा हो रहा है। नई निविदा आमंत्रित करने की मंजूरी दी गई है। वहीं, यात्रियों की सुविधा के लिए पीपीपी मॉडल पर बस स्टॉप विकसित करने की प्रक्रिया भी . बढ़ाई जाएगी।
बुधवार को मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में हुई कंपनी के निदेशक मंडल की बैठक में ये फैसले लिए गए। यही नहीं आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड का मुख्य कार्यालय नौलक्खा से नगर निगम के एमजी रोड स्थित कार्यालय में स्थानांतरित होगा। स्थानांतरण के बाद कंपनी अध्यक्ष और निदेशकों की नियुक्ति के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी मिलने की जानकारी दी गई। बसों में टिकट जारी करने वाली सेवा प्रदाता कंपनी के अनुबंध को नई निविदा पूरी होने या प्रस्तावित अवधि तक, जो पहले हो, वर्तमान दरों और शर्तों पर बढ़ाने की मंजूरी दी गई। बैठक में जिलाधिकारी मनीष कुमार बंसल, नगरायुक्त संतोष कुमार, एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार, एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान और सीएस ईशा भारद्वाज मौजूद रहे।