खबर शहर , Agra News: देवी प्रतिमाओं का विसर्जन, उमड़ा आस्था का सैलाब – INA

बटेश्वर/फतेहाबाद/खेरागढ़। शारदीय नवरात्र के समापन पर सोमवार को बटेश्वर, फतेहाबाद, खेरागढ़, अछनेरा और कागारौल सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में देवी प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा, जिन्होंने जयकारों के साथ प्रतिमाओं को विसर्जित किया। इस दौरान डीजे की धुन पर नाचते-गाते और गुलाल उड़ाते हुए श्रद्धालु विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे और विसर्जन के लिए विशेष कुंड व घाट तैयार किए थे।

बटेश्वर में नवरात्र के अंतिम दिन सोमवार को मां नवदुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए भक्तों का हुजूम सड़कों पर उतर आया। देवी भक्त भजनों पर नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए प्रशासन द्वारा बनाए गए कुंड पर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने कुंड पर विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और आरती की, फिर नम आंखों से विसर्जन किया। उन्होंने नौ दिनों तक बोए गए जवारे को भी कुंड में प्रवाहित किया। बटेश्वर, बाह, भदरौली, जरार, बिजकोली, जैतपुर, शिकोहाबाद और नसीरपुर से आए भक्तों ने प्रतिमाओं का विसर्जन किया।

फतेहाबाद क्षेत्र की प्रतिमाएं यमुना नदी के शंकरपुर, स्वारा, ईधौन, जौनेश्वर घाट, वाजिदपुर और नगरिया सहित कई घाटों के पास बनाए गए कुंड में विसर्जित की गईं।

खेरागढ़ में नदी में हादसों की आशंका को देखते हुए किनारे पर कुंड खुदवाए गए। खतरे वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे और आपात स्थिति के लिए ट्यूब, रस्सियों तथा गोताखोरों की व्यवस्था की गई थी। एसडीएम नरेंद्र गंगवार और एसीपी खेरागढ़ सुनीता चौहान ने भी विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा का जायजा लिया।

अछनेरा कस्बे के पंडालों की प्रतिमाओं का पुरामना के पास निर्धारित स्थान पर विसर्जन हुआ। रायभा सहित अन्य गांवों की प्रतिमाएं यमुना नदी में विसर्जन के लिए ले जाई गईं। विसर्जन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस मुस्तैद रही। उदय सभासद, शिवा माहौर, सभासद गुलशन गर्ग, उदयवीर, रवि चौधरी, नरेश सिकरवार, बीपी परमार और बीके सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

कागारौल में नवमी के दिन प्रतिमाओं का विसर्जन खारी नदी किनारे बनवाए गए कुंड में हुआ। खेरागढ़ कस्बे के नजदीक पुल के नीचे सबसे अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। यहां महिला पुलिसकर्मियों समेत पुलिस बल तैनात रहा।


Credit By Amar Ujala

Back to top button
Close
Crime
Social/Other
Business
Political
Editorials
Entertainment
Festival
Health
International
Opinion
Sports
Tach-Science
Eng News