यूपी – मासूम ने बचाई पिता की जान: फंदे पर लटकते देख 112 पर की कॉल, पहुंची पुलिस, फंदा निकाल पहुंचाया अस्पताल – INA

पत्नी से झगड़ा होने के बाद कमरा बंद कर पिता को फंदे पर लटकते देखा तो 12 वर्षीय बेटे ने बिना देर किए 112 नंबर पर कॉल कर सूचना दी। इस पर करीब पांच किलोमीटर दूर मौजूद पीआरवी कर्मी करीब सात मिनट में पहुंच गए और दरवाजा तोड़कर गले में लगा फंदा निकाला। घटना बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 2:30 बजे टमोटिया गांव की है।
गोरई थाना प्रभारी ने बताया कि टमोटिया निवासी कन्हैया (45) का बृहस्पतिवार की दोपहर अपनी पत्नी कमलेश के साथ झगड़ा हो गया था। इस पर कमरे में पतले कंबल का गले में फंदा डालकर पंखे के सहारे वह फंदे पर लटकने का प्रयास करने लगा। उधर, पिता के कमरे में जाते ही उसके करीब 12 वर्षीय पुत्र राकेश ने जंगले से अंदर झांका तो पिता को फंदे पर लटकते देखा। इस पर उसने दरवाजे पर धक्का मारा लेकिन वह अंदर से बंद था। इस पर अपनी मां को आवाज लगाने के साथ उसने तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर सूचना दी।
सूचना पर बेसवां में मौजूद पीआरवी कर्मी मनोज कुमार उपाध्याय और योगेश कुमार करीब पांच किलोमीटर दूर गांव-गांव टमोटिया में 7-8 मिनट के अंदर पहुंच गए। उधर कंबल से फंदा ठीक से न लग पाने के कारण खुल गया और कन्हैया नीचे बिछी चारपाई पर गिर पड़ा। उसके गले में फंदा कसा हुआ था। दोनों पुलिस कर्मी दरवाजा तोड़कर कमरे में घुसे। तत्काल ही गले से फंदा निकालकर पीआरवी से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इगलास ले जाकर भर्ती कराया।
एक युवक के फंदा लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पीआरवी कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर युवक को बचाया और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इलाज मिलने के बाद उसकी हालत सही है। परिजन से पूछताछ में पता चला है कि युवक शराब पीने का आदी है। इसी बात पर उसका अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था। -विनोद कुमार, थानाध्यक्ष गोरई।