Crime- बदायूं: जरीफनगर थाने के शौचालय से हथकड़ी सहित भागा आरोपी, 10 घंटे बाद गिरफ्तार -#INA

बदायूं के जरीफनगर थाने से शुक्रवार देर शाम भागे चोरी के आरोपी टिकाऊ उर्फ प्रिंस उर्फ मिथुन को पुलिस ने शनिवार सुबह दहगवां कस्बे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के भागने के बाद से ही पुलिस की टीमें उसको पकड़ने के लिए आसपास के होटलों, ढाबों और चाय की दुकानों पर छापा मारती रहीं। शुक्रवार की देर शाम आरोपी शौचालय से हथकड़ी की रस्सी खोलकर हथकड़ी के साथ ही रोशनदान से भाग निकला था।
जरीफनगर क्षेत्र के दहगवां चौराहे पर सपा नेता लड्डन मियां के पेट्रोल पंप की रसोई से दहगवां के वार्ड एक निवासी मिथुन उर्फ टिकाऊ ने सिलिंडर चोरी कर लिया था। चोरी के बाद उसने सिलिंडर खेत में फेंक दिया। चोरी की यह वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस मामले में पेट्रोल पंप मैनेजर महिपाल ने जरीफनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद चोरी के आरोपी को पूछताछ के लिए पुलिस पकड़ कर थाने लेकर आई थी।