सीजी- सीजी: कबीरधाम के 145 धान उपार्जन केंद्रों में 10 नवंबर तक पूरी करनी होंगी तैयारियां, 37 नए केंद्र भी शामिल – INA

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले कबीरधाम जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के सभी 145 धान उपार्जन केंद्रों में 10 नवंबर तक जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करनी होंगी। इनमें 108 पुराने केंद्रों के साथ 37 नए केंद्र भी शामिल हैं।

Table of Contents

कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर खाद्य विभाग ने नवीन धान उपार्जन समितियों के प्रबंधकों और केंद्र प्रभारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान शासन की धान खरीदी गाइडलाइन का प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि खरीदी प्रक्रिया के दौरान अव्यवस्था न हो और किसानों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

बैठक में अधिकारियों ने सभी उपार्जन केंद्रों पर निर्धारित समय-सीमा में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। केंद्रों तक पहुंचने के लिए सुगम मार्ग, कार्यालय भवन, चबूतरे और फड़ का समतलीकरण, पेयजल, शौचालय तथा किसानों के बैठने और विश्राम के लिए छायादार स्थान की व्यवस्था करनी होगी। इसके अलावा सुरक्षा और जल निकासी के इंतजाम भी दुरुस्त करने होंगे।

पढ़ें: छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिनों का मौसम कैसा रहेगा?: रायपुर में गुलाबी ठंड शुरू, 24 घंटे में बदलाव के संकेत, पढ़ें

तौल में गड़बड़ी की आशंका दूर करने के लिए तौल कांटों और बाटों का सत्यापन कराने पर जोर दिया गया। केंद्रों पर कंप्यूटर, प्रिंटर, बिजली, बारदाना और अन्य जरूरी सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सूचना पटल पर आवश्यक जानकारियां प्रदर्शित करने, प्राथमिक उपचार पेटी रखने और निर्धारित मापदंडों के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया।

वास्तविक किसानों का ही धान खरीदा जाएगा

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने स्पष्ट किया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी वास्तविक किसानों के वास्तविक रकबे के आधार पर ही की जाएगी। व्यापारियों, बिचौलियों और कोचियों के माध्यम से धान की अवैध खरीदी-बिक्री रोकने के लिए लगातार निगरानी रखने और जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का जोर धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और किसानों को उपार्जन केंद्रों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है। बैठक में उपायुक्त सहकारिता, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Credit By Amar Ujala

Back to top button
Close
Crime
Social/Other
Business
Political
Editorials
Entertainment
Festival
Health
International
Opinion
Sports
Tach-Science
Eng News