खबर शहर , सांसों पर संकट: आगरा की हवा हुई जहरीली, सड़कों पर उतरे पानी के टैंकर; 39 में से 32 चौराहे प्रदूषित – INA

शहर के 39 में से 32 चौराहों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स खराब होने और धूल के गुबार कम करने के लिए नगर निगम ने पानी के छिड़काव के लिए 18 टैंकर लगाए हैं। दिन में तीन बार सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है। झाड़ू की जगह सड़कों की सफाई में सात मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों को लगाया गया है।
अमर उजाला ने शहर में वायु प्रदूषण के गंभीर हालात की खबर प्रकाशित की, इसके बाद नगर निगम ने शुक्रवार से पानी का छिड़काव कराने की कवायद शुरू की है। नगर निगम ने अलग-अलग रूट पर 18 स्प्रिंकलर और पानी के टैंकर लगाए हैं। सड़कों पर बने गड्ढों को भरने के साथ क्षतिग्रस्त हिस्सों को भी दुरुस्त किया जा रहा है। यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को नगर निगम ने पत्र लिखा है, जिसमें वायु प्रदूषण नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम के पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण ने बताया कि पानी का छिड़काव, मैकेनिकल स्वीपिंग और सड़कों की मरम्मत जैसे कार्य कराए जा रहे हैं। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का कहना है कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मेट्रो और सीएम ग्रिड का काम कर रही एजेंसियों से स्प्रिंकलर चलाने को कहा गया है। निर्माण एजेंसियों को अपने कार्यस्थलों पर निर्धारित मानकों पर प्रदूषण नियंत्रण के इंतजाम करने होंगे।