खबर शहर , यूपी: ग्रामीण डाक सेवकों को दिवाली का तोहफा, 63% हुआ महंगाई भत्ता; खाते में आएगा एरियर – INA

डाक विभाग में कार्यरत ग्रामीण डाक सेवकों (जीडीएस) के लिए केंद्र सरकार ने राहत भरा फैसला लिया है। संचार मंत्रालय के डाक विभाग द्वारा जारी नए आदेश के तहत ग्रामीण डाक सेवकों को 1 जुलाई 2026 से केंद्रीय कर्मचारियों के समान मूल टीआरसीए पर 63 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान किया जाएगा।
डाक भवन, नई दिल्ली से सहायक महानिदेशक गुरविंदर सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग द्वारा 29 अक्तूबर 2026 को केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बढ़ाए गए डीए के क्रम में यह फैसला लिया गया है।
इस फैसले से आगरा डाक मंडल के अंतर्गत आने वाले सैकड़ों शाखा पोस्टमास्टर और सहायक शाखा पोस्टमास्टर के मासिक वेतन में बढ़ोतरी होगी। सहायक निदेशक आगरा परिक्षेत्र एसके जैन के मुताबिक मंडल के ग्रामीण डाककर्मियों को जुलाई माह से अब तक का एरियर भी मिलेगा। ब्यूरो