इजराइल ने पायलट के लिए 40 साल खोजबीन की:दो ईरानी जनरल को अगवा किया, एक की हत्या की; खुलासा- लेबनान में मारा गया था- INA NEWS

इजराइल करीब 40 साल तक अपने लापता पायलट रॉन अराद की तलाश में ईरान को जिम्मेदार मानता रहा। इस शक में उसकी खुफिया एजेंसी मोसाद ने ईरान के दो जनरलों को अगवा किया और उनसे पूछताछ की। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक जांच रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से एक जनरल अलीरेजा असगरी की हत्या भी कर दी। वहीं, दूसरे जनरल अब्दुल्ला साबेरी को अगवा कर इजराइल ले गए और पूछताछ के बाद दक्षिण अफ्रीका में छोड़ दिया। लेकिन अब इजराइल को लगता है कि रॉन अराद को कभी ईरान ले जाया ही नहीं गया था। उसकी मौत लेबनान में ही हुई थी। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक जांच में यह खुलासा हुआ है। 1986 में लेबनान में लापता हुआ था पायलट रॉन अराद इजराइली वायुसेना में अधिकारी था। 16 अक्टूबर 1986 को वह दक्षिणी लेबनान के ऊपर एक लड़ाकू विमान में उड़ान भर रहा था। इस दौरान उसने फिलिस्तीन लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन (PLO) के ठिकाने पर बम गिराया। बम समय से पहले फट गया और विमान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अराद को विमान से बाहर निकलना पड़ा। इसके बाद लेबनान के शिया संगठन अमल के लड़ाकों ने उसे पकड़ लिया। संगठन के सुरक्षा प्रमुख मुस्तफा दिरानी ने उसे अपनी निगरानी में रखा। अमल संगठन ने अराद के बदले लाखों डॉलर और फिलिस्तीनी व लेबनानी कैदियों की रिहाई की मांग की। लेकिन उस समय इजराइल के रक्षा मंत्री यित्जाक राबिन कैदियों की अदला-बदली के लिए तैयार नहीं थे। इससे अराद की तलाश में कोई खास काम नहीं हुआ। इजराइल को ईरान पर शक क्यों हुआ? ईरान उस समय लेबनान की राजनीति में काफी प्रभाव रखता था। वह अमल समेत कई शिया संगठनों को पैसा और ट्रेनिंग देता था। इसी वजह से इजराइल को शक हुआ कि अमल के लड़ाके अराद को ईरान के हवाले कर सकते हैं। 1989 में अराद की पत्नी ने बताया कि इजराइली सरकार ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उनके पति जिंदा हैं और उन्हें ईरानी एजेंटों को सौंप दिया गया है। इसके बाद इजराइल में यह बात आम हो गई कि अराद को ईरान ने अपने कब्जे में रखा है। 1992 में मोसाद के एक अधिकारी इजराइल पेरलोव को एक ईरानी डॉक्टर मिला। उसने दावा किया कि उसने अराद का इलाज तेहरान और लेबनान में किया। डॉक्टर का लाई डिटेक्टर टेस्ट हुआ लेकिन नतीजे साफ नहीं थे। मोसाद ने उसे पैसे देकर अपने दावे का सबूत देने को भी कहा। लेकिन डॉक्टर दोबारा सामने नहीं आया। मोसाद के दूसरे अधिकारी रामी इग्रा का मानना था कि डॉक्टर पैसे के लिए झूठ बोल रहा था। इसके बावजूद उसकी कहानी को ईरान के खिलाफ सबूत मान लिया गया। पूछताछ में ईरान का नाम लिया, लेकिन सबूत नहीं मिला 1994 में इजराइली कमांडो ने लेबनान में एक ऑपरेशन चलाकर मुस्तफा दिरानी को अगवा किया। उसे इजराइल की एक सीक्रेट जेल में रखा और पूछताछ की गई। दिरानी ने बताया कि उसने अराद को लेबनान के नबी चित गांव में एक परिवार की देखरेख में रखा था। एक रात उसकी सुरक्षा में लगे लोग इजराइली हमले के कारण वहां से चले गए। जब वे लौटे तो अराद गायब था। पूछताछ करने वाले इजराइली अधिकारी उसकी बात पर भरोसा नहीं कर रहे थे। दिरानी ने बाद में आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान उसे शारीरिक और यौन यातनाएं दी गईं। इजराइल ने यातना के आरोपों से इनकार किया लेकिन माना कि उसके साथ सख्ती की गई थी। सख्त पूछताछ के दौरान दिरानी ने कहा कि एक ईरानी अधिकारी ने उसे बताया था कि ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स अराद को अपने साथ ले गए थे। लेकिन इस दावे की पुष्टि करने वाला कोई सबूत नहीं मिला। 2006 में ईरानी जनरल को अगवा किया, फिर हत्या की 2006 में ईरान के जनरल अलीरेजा असगरी को मोसाद ने निशाने पर लिया। वह ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की कुद्स फोर्स में रह चुका था और रक्षा उपमंत्री के पद तक पहुंचा था। उसके हिजबुल्लाह के नेताओं से भी करीबी संबंध थे। दिसंबर 2006 में असगरी तुर्किये के इस्तांबुल शहर के एक होटल में ठहरा। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया। इजराइल ने इस मामले में अपनी भूमिका से इनकार किया। लेकिन न्यूयॉर्क टाइम्स से बात करने वाले तीन पूर्व अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि मोसाद के एजेंटों ने उसे अगवा किया, कई हफ्तों तक पूछताछ की और फिर उसकी हत्या कर दी। एक पूर्व अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, असगरी से एक जहाज पर पूछताछ की गई और बाद में उसका शव काला सागर में फेंक दिया। उससे रॉन अराद के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश की गई थी लेकिन उसके पास ऐसी कोई जानकारी नहीं थी। 2021 में दूसरे ईरानी जनरल को भी अगवा किया इजराइल को जब असगरी से कोई जानकारी नहीं मिली तो उसने ईरान के एक और जनरल अब्दुल्ला साबेरी को निशाना बनाया। सितंबर 2021 में साबेरी सीरिया की राजधानी दमिश्क के एक राजनयिक इलाके में सुबह टहलने निकला था। मोसाद के एजेंटों ने सामान ढोने वाले कर्मचारी बनकर इलाके में प्रवेश किया। वे एक बड़े फ्रिज के डिब्बे के साथ उसका इंतजार कर रहे थे। जैसे ही साबेरी उनके पास से गुजरा एजेंटों ने उसे पकड़ लिया, बेहोश किया और डिब्बे में डालकर एक सफेद वैन में ले गए। इसके बाद उसे इजराइल ले जाकर पूछताछ की गई। ईरानी और सीरियाई अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ में उससे सिर्फ एक ही सवाल किया गया- रॉन अराद के बारे में उसे क्या पता है? काफी देर तक पूछताछ के बाद उसे दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में एक सड़क पर छोड़ दिया गया। बाद में साबेरी ने यातना दिए जाने का आरोप लगाया। पायलट से जुड़ी रिपोर्ट नेतन्याहू को भी मिली न्यूयॉर्क टाइम्स की जांच के मुताबिक इजराइल की खुफिया एजेंसियों को कई बार ऐसे संकेत मिले थे कि अराद को ईरान नहीं ले जाया गया था। 2006 में इजराइल की घरेलू खुफिया एजेंसी शिन बेट के प्रमुख युवाल डिस्किन ने मामले की नए सिरे से जांच कराई। जांच में सामने आया कि ईरान से जुड़े पुराने दावे गलत थे। टीम का मानना था कि अराद की मौत लेबनान के नबी चित गांव में ही हुई होगी। 2016 में इजराइली सेना के लापता सैनिकों से जुड़े विभाग के पूर्व प्रमुख अवी कालो ने भी एक रिपोर्ट तैयार की। इसमें कहा गया कि अराद की मौत 1988 में लेबनान में हुई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को भी यह रिपोर्ट सौंपी थी। लेकिन इन रिपोर्टों के बावजूद ईरान को लेकर इजराइल का शक बना रहा। पूर्व इजराइली खुफिया अधिकारी रज जिम्ट ने माना कि ईरान को हर मामले के लिए जिम्मेदार मानने की सोच ने जांच को प्रभावित किया। लेबनान में अराद के शव की तलाश कर रहा इजराइल अब इजराइल का ध्यान ईरान से हटकर लेबनान के नबी चित गांव पर है। इजराइली अधिकारियों को लगता है कि लेबनान के पूर्व सुरक्षा अधिकारी अहमद शुक्र के पास रॉन अराद के बारे में कुछ जानकारी हो सकती थी। शुक्र पिछले साल दिसंबर में एक कारोबारी से मिलने के लिए घर से निकला था, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। लेबनानी अधिकारियों को शक है कि इजराइली एजेंटों ने उसे अगवा किया था। हालांकि, इजराइल ने इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया। कब्रिस्तान में अराद का शव तलाश रही इजराइली सेना इसके कुछ महीने बाद इजराइली सैनिकों ने नबी चित गांव में अभियान चलाया। उन्होंने वहां के एक कब्रिस्तान में अराद के शव की तलाश की लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, इजराइल के पूर्व अधिकारी अवी कालो ने कहा कि देश को 20 साल पहले ही नबी चित गांव में उसकी तलाश शुरू कर देनी चाहिए थी। ईरान को जिम्मेदार मानने के चलते जांच गलत दिशा में चली गई। ———————– ये खबरें भी पढ़ें… ट्रम्प ने एनवीडिया चीफ से कहा था-नौकरी के लिए लड़ो: एनवीडिया के बर्बाद होने का डर था; चीनी जासूस से रिश्ते के चलते कल ही पद छोड़ा राष्ट्रपति ट्रम्प ने 10 नवंबर को एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग को फोन किया था। उन्होंने हुआंग से नौकरी बचाने के लिए लड़ाई जारी रखने को कहा था। इस मामले से जुड़े दो लोगों ने यह जानकारी दी है। पूरी खबर यहां पढ़ें..

Table of Contents

Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |

Back to top button
Close
Crime
Social/Other
Business
Political
Editorials
Entertainment
Festival
Health
International
Opinion
Sports
Tach-Science
Eng News