Technology, भारतीय मूल के इंजीनियर का कमाल: ओपनएआई के जीपीटी-6 एस्ट्रा को दी पटखनी, 150 गुना कम खर्च में बनाया एआई मॉडल – Indian Entrepreneur Sam Pasupalak Skyfall Ai Sky 001 Beats Gpt 6 Astra Hindi — INA

सार

भारतीय मूल के उद्यमी सैम पशुपालक की कंपनी स्काईफॉल एआई ने ‘SKY-001’ मॉडल तैयार किया है, जिसे लेकर दावा है कि यह जटिल सीएडी (CAD) और बीआईएम (BIM) डिजाइनिंग में ओपनएआई के जीपीटी-6 एस्ट्रा से 125 गुना तेज और 150 गुना सस्ता है। आइए जानते हैं क्या है इस मॉडल की खासियत।

indian entrepreneur sam pasupalak skyfall ai sky 001 beats gpt 6 astra hindi
सैम ने चैटजीपीटी-6 एस्ट्रा को पीछे छोड़ने का किया दावा। – फोटो : अमर उजाला

ग्लोबल टेक इंडस्ट्री में एक बार फिर भारतीय प्रतिभा का डंका बजा है। सैन फ्रांसिस्को स्थित एआई स्टार्टअप स्काईफॉल एआई (Skyfall AI) के को-फाउंडर और सीईओ सैम पशुपालक ने एक ऐसा एडवांस एआई मॉडल पेश किया है, जो इंजीनियरिंग और आर्किटेक्चरल डिजाइनिंग की दुनिया को पूरी तरह बदल सकता है। इस नए मॉडल का नाम SKY-001 रखा गया है। दावा है कि यह मॉडल दुनिया के सबसे ताकतवर माने जाने वाले एआई सिस्टम्स, जैसे कि ओपनएआई के GPT-6 Astra को भी स्पीड, लागत और सटीकता में मात देने की क्षमता रखता है।

सैम पशुपलक और उनकी टीम ने 18 महीने की कड़ी रिसर्च के बाद इस मॉडल को तैयार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसके बेंचमार्क नतीजे साझा करते हुए बताया कि कैसे यह इंजीनियरिंग से जुड़े जटिल टास्क को बेहद कम लागत में आसानी से हल कर सकता है।

कैसे काम करता है SKY-001 एआई मॉडल?

अक्सर देखा गया है कि पारंपरिक एआई मॉडल कोड लिखने या विजुअल डिजाइन तैयार करने में माहिर होते हैं, लेकिन किसी जटिल भौतिक उत्पाद को बनाने के लिए जरूरी हर छोटे पुर्जे की सटीक जानकारी एक साथ नहीं दे पाते। यहीं पर SKY-001 बाजी मारता है।

सैम बताते हैं कि यह मॉडल पूरे प्रोजेक्ट को एक साथ बनाने के बजाय उसे अलग-अलग चरणों में बांटकर प्रोसेस करता है। किसी बड़े प्रॉडक्ट की डिजाइनिंग के दौरान यह मॉडल पहले पूरे सिस्टम को छोटे-छोटे असेंबलीज और अलग-अलग कंपोनेंट्स में बांटता है। इसके बाद वह विजुअल स्केच और कंस्ट्रक्शन स्टेप्स के जरिए तय करता है कि हर हिस्सा कैसे असेंबल होगा।

आर्किटेक्चरल डिजाइन में यह एक पूरी बिल्डिंग के खाके को यूनिट्स और कमरों के आधार पर स्टेप-बाय-स्टेप तैयार करता है। स्काईफॉल एआई का कहना है कि इस तरीके से सैकड़ों या हजारों चरणों वाले जटिल इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स को बिना किसी तकनीकी गड़बड़ी के डिजाइन किया जा सकता है।

SKY-001 बनाम GPT-6 Astra: आंकड़ों में किसकी जीत?

  • सैम पशुपलक द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, SKY-001 अन्य फ्रंटियर मॉडल्स के मुकाबले 51 से 125 गुना अधिक तेज काम करता है। यह टास्क के आधार पर 150 से 210 गुना तक सस्ता पड़ता है।
  • सीएडी (CAD) डिजाइनिंग तुलना में जहां GPT-6 Astra पर प्रति सैंपल $0.75 (लगभग 62 रुपये) का खर्च आता है, वहीं SKY-001 इसे महज $0.005 (करीब 40 पैसे) में पूरा कर देता है। यानी यह 150 गुना किफायती है।
  • इंटरसेक्शन ओवर यूनियन (IoU) मेट्रिक पर SKY-001 ने 79.7% का स्कोर हासिल किया, जबकि GPT-6 Astra का स्कोर 79.1% रहा।

कौन हैं सैम पशुपालक?

मूल रूप से ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के रहने वाले सैम पशुपालक वर्तमान में अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में रहते हैं। उन्होंने 2011 में कनाडा की मशहूर वाटरलू यूनिवर्सिटी से मैथमेटिक्स और कंप्यूटर साइंस में बैचलर्स डिग्री हासिल की, जहां उन्होंने एआई, रोबोटिक्स और ह्यूमन-कंप्यूटर इंटरैक्शन पर काम किया। बाद में 2019 में उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) से पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स पूरा किया।

टेक जगत में सैम का यह पहला बड़ा कारनामा नहीं है। इससे पहले उन्होंने 2011 में ‘मलूबा’ नाम से एक एआई स्टार्टअप शुरू किया था, जिसे 2017 में दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) ने अधिग्रहित कर लिया था। 2025 में स्काईफॉल एआई की नींव रखने से पहले वह एआई रिसर्च और नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग में कई बड़ी टीमों का नेतृत्व कर चुके हैं।

और पढ़ें…

Source link

Back to top button
Close
Crime
Social/Other
Business
Political
Editorials
Entertainment
Festival
Health
International
Opinion
Sports
Tach-Science
Eng News