Technology, बग खोजने से लेकर सुधार तक: क्या-क्या कर सकता है जेमिनी 4 कार्बन? जानें गूगल के नए एआई मॉडल की ताकत – Google Unveils Gemini 4 Carbon: Tops Ai Intelligence Index, Advanced Cybersecurity — INA

सार
गूगल ने अपना नया AI मॉडल जेमिनी 4 कार्बन पेश किया है, जो सॉफ्टवेयर की खामियां खोजने से लेकर उन्हें दूर करने के लिए सुरक्षा पैच तैयार करने तक में मदद करेगा। साइबर सुरक्षा से लेकर कोडिंग तक, इस मॉडल में क्या है खास और यह कैसे काम करेगा? आइए जानते हैं विस्तार से…

सॉफ्टवेयर में कोई खामी मिल जाए, जो उसे ठीक करने में कई बार डेवलपर्स को काफी समय लग सकता है, लेकिन क्या कोई एआई मॉडल किसी कमजोरी को खोजने के साथ यह भी बात सकता है कि उसका फायदा कैसे उठाया जाए? और फिर उसे ठीक करने का तरीका भी तैयार करे। गूगल ने अपने नए एआई मॉडल जेमिनी 4 कार्बन के साथ कुछ ऐसा ही दावा किया है। कंपनी का कहना है कि यह मॉडल सॉफ्टवेयर की कमजोरियां पहचानने, उनकी जांच करने और सुरक्षा सुधार में बेहतर प्रदर्शन कर सकता है।
गूगल जेमिनी 4 कार्बन क्या है?
- जेमिनी 4 कार्बन गूगल का नया एआई मॉडल है, जिसे लंबे समय तक चलने वाले इंजीनियर्स के कठिन से कठिन कामों को संभालने के लिए तैयार किया जाता है। गूगल डीपमाइंड के अनुसार, यह मॉडल कई दिनों तक तकनीकी समस्याओं पर काम कर सकता है।
- इस दौरान यह बड़े कोडबेस और लो-लेवल सिस्टम्स में मौजूद बग्स की खास समस्या की पहचान करने और उन्हें ठीक करने में मदद कर सकता है। यानी इसका काम केवल कोड लिखने या सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं है। कंपनी इसे सॉफ्टवेयर की समस्याओं को समझने और उनके समाधान तैयार करने में सक्षम मॉडल के तौर पर पेश कर रही है।
- गूगल के ब्लॉग पोस्ट के अनुसार, जेमिनी 4 कार्बन को इस सप्ताह साइबर सुरक्षा डिफेंडर्स के एक चुनिंदा समूह के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद कंपनी अपने फेयरविंड प्रोग्राम के जरिए भरोसेमंद पार्टनर्स तक इसकी पहुंच धीरे-धीरे बढ़ाएगी।
- इसकी पीछे कारण है कि गूगल पहले इन यूजर्स से फीडबैक लेगा और इसके बाद मॉडल के सुरक्षा उपायों को बेहतर बनाने पर काम करेगा। इसके बाद इसे डेवलपर्स, व्यवसायों और आम यूजर्स को उपलब्ध कराया जाएगा। कंपनी का कहना है कि रिलीज से पहले मॉडल का परीक्षण जारी रहेगा और सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाएगा।
सुंदर पिचाई ने एक्स पर किया एलान
गूगल के सीईओ सीईओ सुंदर पिचाई ने एक्स पर पोस्ट करके जेमिनी 4 कार्बन की घोषणा की। उन्होंने लिखा, ‘मैंने कहा था कि हम समय-समय पर अपने मॉडल रिलीज करेंगे… पेश है Gemini 4 Carbon, हमारा अगला फ्रंटियर मॉडल।’
पिचाई ने यह भी कहा कि कार्बन दिखाता है कि कंपनी एआई की क्षमताओं की सीमाओं को कितनी तेजी से . बढ़ा रही है। उनके अनुसार, मॉडल की क्षमता बढ़ाने के साथ गूगल ने सुरक्षा उपायों को भी मजबूत किया है। वहीं, कंपनी ने जेमिनी 4 कार्बन को पेश करने में ज्यादा देर नहीं की, इसे जेमिनी 4 आर्गन के दो हफ्ते बाद ही उतार दिया।
सॉफ्टवेयर की कमजोरियां खोजने में कितने अंक मिले?
गूगल ने जेमिनी 4 कार्बन की क्षमताओं को परखने के लिए अलग-अलग बेंचमार्क के नतीजे भी साझा किए हैं। कंपनी के अनुसार, मॉडल ने सॉफ्टवेयर की कमजोरियां खोजने, उनकी जांच करने और सुधार तैयार करने से जुड़े परीक्षणों में ये स्कोर हासिल किए।
| टेस्ट | काम के प्रकार | प्राप्त स्कोर |
|---|---|---|
| एसईसी-बेंच प्रो | सॉफ्टवेयर कमियां खोजना | 88.2% |
| एक्सप्लॉयट जिम | शोषण परीक्षण | 54.8% |
| सीडब्ल्यूई-बेंच | सुधार और पैच विकसित करना | 71.0% |
बता दें कि ये अलग-अलग बेंचमार्क हैं और हर एक मॉडल की अलग क्षमता को परखता है। इसलिए इनके स्कोर को एक ही तरह के परीक्षण के नतीजे के तौर पर नहीं देखना चाहिए।
सुरक्षित कोड और पैच बनाने में भी बेहतर प्रदर्शन का दावा
- इसके अलावा कंपनी का कहना है कि आंतरिक बेंचमार्क पर जेमिनी 4 कार्बन ने सुरक्षित कोड तैयार करने में जेमिनी 4 आर्गन की तुलना में दोगुने से अधिक सफलता दर हासिल की।
- कंपनी की क्रोम टीम ने भी रिपोर्ट किया कि हाई क्वालिटी वाले सुरक्षा पैच तैयार करने में कार्बन ने दूसरी एआई लैब के फ्रंटियर मॉडल की तुलना में दस गुना बेहतर प्रदर्शन किया।
- सुरक्षा पैच सॉफ्टवेयर में मौजूद किसी खामी को ठीक करने के लिए तैयार किया गया बदलाव होता है। अगर एआई मॉडल सही पैच तैयार करने में मदद करता है, तो डेवलपर्स के लिए कमजोरियों को दूर करने की प्रक्रिया आसान हो सकती है। हालांकि, ऐसे पैच की क्वालिटी और सुरक्षा की जांच करना भी जरूरी रहता है।
गलत दावों और सुरक्षा अलर्ट में कमी
- गूगल ने जेमिनी 4 कार्बन की विश्वसनीयता में सुधार का भी दावा किया है। कंपनी के आंतरिक परीक्षणों में मॉडल ने आर्गन के मुकाबले असमर्थित दावों की संख्या लगभग आधी कर दी।
- इसके अलावा, आंतरिक कोडिंग वातावरण में उच्च-गंभीरता वाले मिसअलाइनमेंट अलर्ट्स में लगभग 80% की कमी दर्ज की गई। मिसअलाइनमेंट से जुड़े अलर्ट यह संकेत दे सकते हैं कि मॉडल का व्यवहार अपेक्षित उद्देश्यों या निर्देशों से मेल नहीं खा रहा है। गूगल के मुताबिक, इन अलर्ट्स में आई कमी मॉडल की सुरक्षा और विश्वसनीयता बेहतर करने की दिशा में एक अहम नतीजा है।
चीटिंग और प्रॉम्प्ट-इंजेक्शन पर क्या रहा नतीजा?
- गूगल ने मॉडल के व्यवहार को परखने के लिए चीटिंग और प्रॉम्प्ट-इंजेक्शन से जुड़े टेस्टिंग भी की। कंपनी ने नतीजों में बातया कि इसमें टर्मिनल-बेंच 4.0 पर जेमिनी 4 कार्बन ने सफल चीटिंग की दर शून्य कर दी, जबकि चीटिंग के प्रयास 0.4% रहे।
- ग्रे स्वान के अप्रत्यक्ष प्रॉम्प्ट-इंजेक्शन बेंचमार्क पर भी अटैक की सफलता दर शून्य प्रतिशत दर्ज की गई।
- प्रॉम्प्ट-इंजेक्शन एक ऐसा तरीका है, जिसमें एआई मॉडल को दिए गए निर्देशों या उसके सामने मौजूद सामग्री के जरिए उसके व्यवहार को प्रभावित करने की कोशिश की जाती है। इन परीक्षणों में गूगल का दावा है कि कार्बन ने ऐसे हमलों के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन किया।