Tach – GTA 6 Game : GTA 6 बला क्या है जिसके लिए ऑफिस से छुट्टी ले रहे लोग, 18+ वालों में गजब का दीवानापन

ये GTA 6 है क्या? कह रहे हैं कि वीडियो गेम है कोई. अरे तो वीडियो गेम है तो ऐसा क्या हो गया कि पूरी दुनिया पागल हुई पड़ी है. कह रहे हैं कि दुनिया में जगह-जगह लोग ऑफिस से छुट्टी ले रहे हैं कि रात भर गेम खेलनी है! लोग घंटों-घंटों अपने कमरों में दुबके बैठे हैं गेम खेलने के लिए. बता रहे हैं कि खाना डिलीवर करने वाली कंपनियों ने तैयारी कर ली है कि लोग घर में बैठे रहेंगे और खाना वगैरह ऑर्डर कर के मंगाएंगे तो ऑर्डरों की बाढ़ आ जाएगी. गेम की रिलीज़ ही दुनिया की इतनी बड़ी ख़बर क्यों बनी हुई है दुनिया में? गेम न हो गई हॉलीवुड की फ़िल्म हो गई.

Table of Contents

तो भले ही आप गेम-वेम खेलने वाले न हों लेकिन ख़बर तो समझ लेनी चाहिए कि दुनिया में ये क्या चल रहा है कि ऐसा दीवानापन बना हुआ है किसी गेम का. वो इसलिए क्योंकि ये वैसी वीडियो गेम नहीं होती जैसी आप समझ रहे हो. कि कंट्रोलर पर टिक-टिक टुक-टुक कर के कार्टून जैसे दिखने वाले कैरेक्टर को इधर से छलांग लगा दी और उधर पहुंच गए और फिर एक लेवल से दूसरे लेवल पर पहुंच गए और पॉइंट मिलते गए और आप जीत गए. आपकी उंगलियों की फुर्ती का कमाल नहीं टेस्ट हो रहा होता इसमें. और एक तो ये दिमाग़ से निकाल दीजिए कि वीडियो गेम है तो कोई बच्चों का खेल है. क्योंकि बच्चों के लिए नहीं है ये. बड़ों के लिए है. 18 साल से ज़्यादा उम्र वाले ही खेल सकते हैं.

गेम नहीं, स्क्रीन पर चलने वाली फ़िल्म

क्योंकि ये एक तरह से खेल नहीं है. फ़िल्मों का दीवानापन कैसा होता है ये तो समझ में आता है न आपको? तो यूं समझ लो कि ये फ़िल्म ही है. और गेम खेलने वाला फ़िल्म के अंदर घुस जाता है. मतलब जैसे गैंग्स ऑफ़ वासेपुर हो और आपको पहुंचा दिया जाए वासेपुर में ही. जैसे बचपन में ब्रूस ली की फ़िल्में देखी थीं न आपने और देखते थे न कि लोगों के अंदर ही ब्रूस ली ही घुस जाता था और वो हाथ-पांव चलाने लगते थे. या जैसे शोले देखी तो ठाकुर की तरह अपने हाथ कटे हुए मानने लगते थे और पैरों से ही गब्बर सिंह को कुचलने की प्रैक्टिस करते रहते थे लोग. वो तो आपको अपने दिमाग़ में फ़िल्म चलानी पड़ती थी. ये GTA ऐसी गेम है कि ये आपको वही स्क्रीन पर करने देती है.

किरदार के शरीर में आत्मा बन जाता है खिलाड़ी

मतलब गेम खेलने वाला गेम के अंदर घुस जाता है. और फिर अपने हिसाब से फ़िल्म चलाता है. ये ऐसी गेम नहीं है कि दो लोग खेल रहे हों और किसके पॉइंट ज़्यादा आए और कौन जीता. ये एक ही प्लेयर के खेलने के लिए है. स्क्रीन पर फ़िल्म खुलती है और आपके हाथ में गेम का कंट्रोलर है और आप फ़िल्म का एक किरदार बन जाते हो और पहुंच जाते हो कहानी के अंदर. और हर बार गेम शुरू करोगे तो हर बार कहानी आपकी हरकतों के हिसाब से बदलती जाएगी. मतलब सिचुएशन बना कर दे दी है आपको गेम बनाने वालों ने. किरदार दे दिए हैं. आप किरदार के शरीर में घुस जाओ. मतलब एक तरह से वो शरीर है जो गेम में है और आप उसकी आत्मा बन गए.

आपकी हरकतों से बदलती है कहानी

अब उससे करवाओ जो करवाना है. आप गेम में गाड़ी चलाओ, रेड लाइट क्रॉसिंग आई आपने जंप कर दी और पीछे पुलिस पड़ गई. अब आप दौड़ाए जा रहे हो गाड़ी, पुलिस पीछे से गोली चला देती है, आप पलट कर पुलिस पर फ़ायर कर देते हो. एनकाउंटर हो जाता है, पुलिस आपको पकड़ लेती है. पुलिस आपको जेल में डाल देती है, कहानी आगे बढ़ती रहती है. आप हीरो बन जाओ, आप हीरोइन बन जाओ कुछ भी बन जाओ. इस टाइप की गेम है. फिर दोबारा गेम शुरू करो और इस बार आप रेड लाइट क्रॉसिंग जंप नहीं करते आप खड़े रहते हो. तो पुलिस इस बार आपके पीछे नहीं पड़ेगी. यानी अब कहानी अलग शुरू हो गई. गॉल्फ़ कोर्स आया और आप गॉल्फ़ खेलने के लिए उतर गए. या पार्क में जा कर बैठ गए. और ट्रैफ़िक देख रहे हो. आपके सामने एक्सीडेंट हो जाता है. आप किसी को बचाने के लिए दौड़ पड़ते हो. उसको अस्पताल ले जा रहे हो. मतलब कहानी चले जा रही और आप ख़ुद उस कहानी में अपना रोल तय किए जा रहे हो, ऐसी फ़िल्म चल रही है स्क्रीन पर.

मियामी की तर्ज पर बसाया गया ‘वाइस सिटी’

ये इस तरह की गेम है. बाक़ायदा एक काल्पनिक शहर बनाया गया है इस गेम के लिए. शहर का नाम है वाइस सिटी. और इस शहर का आधार बनाया गया है अमेरिका के मियामी शहर को. बिल्कुल वैसा ही बना दिया गया है गेम के अंदर. तो गेम खेलने के लिए आप एक तरह से मियामी पहुंच जाते हो. मियामी जैसा शहर है इस गेम का, नाम है वाइस सिटी. मियामी है अमेरिका के फ़्लॉरिडा राज्य में. गेम में वाइस सिटी शहर को बनाया गया है लियोनिडा राज्य में. शहर में समुद्र, पाम के पेड़, ऊंची-ऊंची इमारतें, रात की रोशनी और अपराध का माहौल सब कुछ मियामी जैसा दिखाया गया है.

अपराध की दुनिया और GTA का इतिहास

अपराध का माहौल इसलिए क्योंकि बाक़ायदा इसकी एक बेसिक कहानी तो है. मतलब सिचुएशन और किरदार सेट हैं. और वो अपराध की दुनिया में हैं. GTA का मतलब ही ग्रैंड थेफ़्ट ऑटो है. और ये GTA 6 रिलीज़ हुई अब. मतलब ये सीरीज़ है जिसकी 5 गेम पहले आ चुकी हैं और ये छठी है. ये शुरू हुई थी गाड़ियां चुरा कर पुलिस से भागने की गेम बनाने से. इसलिए नाम ग्रैंड थेफ़्ट ऑटो है. अब तो ख़ैर उससे बात काफ़ी आगे बढ़ चुकी क्योंकि पहली गेम GTA आई थी 1997 में.

जेसन और लूसिया गेम के बंटी और बबली

ये जो GTA 6 है इसमें दो किरदार हैं, जेसन और लूसिया. तो या तो आपको जेसन बनना होता है या लूसिया बनना होता है. दोनों अपराधी हैं और एक जोड़े की तरह काम करते हैं. जैसे बंटी और बबली. बंटी यानी जेसन डुवाल एक ऐसा इंसान है जो बचपन से ही चोरों और ठगों के बीच पला-बढ़ा है. उसने सेना में कुछ समय बिताया, फिर लियोनिडा राज्य के कीज़ इलाके में ड्रग्स माफ़िया के लिए वो काम करने लगा. वो वैसे तो एक नॉर्मल ज़िंदगी चाहता है, लेकिन हर बार मुश्किलों में फंसता रहता है. बबली यानी लूसिया का बचपन लिबर्टी सिटी नाम के एक शहर में बीता था. उसके पिता ने उसे छोटी उम्र से ही लड़ना-भिड़ना सिखाया. और परिवार की खातिर लड़ते-लड़ते वो जेल चली गई, और किस्मत से बाहर निकल आई. वो भी अपनी माँ जैसी अच्छी ज़िंदगी चाहती है, लेकिन वो भी मुश्किलों में फंसती रहती है.

प्यार और अपराध के बीच जान बचाने की जद्दोजहद

दोनों मिलकर एक आसान काम करने जाते हैं, लेकिन वो गलत हो जाता है. फिर वे पूरे लियोनिडा राज्य में फैले एक बड़े आपराधिक नेटवर्क में फंस जाते हैं. उन्हें एक-दूसरे पर भरोसा करके अपनी जान बचानी है, ये गेम है. यानी प्यार और अपराध दोनों साथ-साथ चलते हैं. बाक़ी शहर में जो कुछ हो रहा है और बाक़ी जो लोग हैं उन पर खिलाड़ी का कंट्रोल नहीं होता. लेकिन ये दोनों क्या-क्या करेंगे कहानी में ये गेम खेलने वाले के कंट्रोल में होता है. खिलाड़ी इन्हीं दोनों को बारी-बारी से कंट्रोल करता है. कभी एक को चला सकते हो, कभी दूसरे को, दोनों को एक साथ नहीं. जब मिशन या कहानी के हिसाब से जरूरत पड़ती है, तो एक से दूसरे पर आप स्विच कर सकते हो. कभी लड़का बन जाओ, कभी लड़की बन जाओ. कभी जेसन, कभी लूसिया.

किरदारों के बीच स्विच करने और AI का खेल

जेसन या लूसिया बनकर आप शहर में घूम सकते हो, गाड़ी चला सकते हो, मिशन पर निकल जाते हो, मिशन के टास्क पूरे करते हो और कहानी आगे बढ़ाते रहते हो. दोनों किरदारों की अपनी-अपनी आदतें और तरीके हैं. खेलने वाले आप ही हो, लेकिन उनकी आदतों के हिसाब से ही खेल सकते हो. दोनों के शरीर में आप एक साथ नहीं घुस सकते. जब जरूरत पड़ती है या जब आप खुद स्विच करना चाहते हो, तो एक किरदार से दूसरे पर चले जाते हो. जब आप जेसन बनकर खेल रहे होते हैं, तो लूसिया को गेम का AI कंप्यूटर चलाता है. जैसे वो कहीं घूम रही होती है शहर में, कुछ कर रही होती है. आप फोन या मैसेज करके उसे अपने पास बुला सकते हो. वो आ जाती है, और फिर आप दोनों साथ घूम सकते हो, गाड़ी चला सकते हो, हाथ पकड़ सकते हो या कोई काम कर सकते हो. जब दोनों साथ होते हैं, तो आप एक को कंट्रोल करते हो और दूसरा AI से चलता है. जैसे अगर जेसन गाड़ी चला रहा हो और आप लूसिया बन जाओ, तो जेसन खुद गाड़ी चलाता रहेगा और आप पैसेंजर बनकर गोली चला सकते हो या फोन देख सकते हो. आप कभी भी दोनों के बीच स्विच कर सकते हो.

बिना मिशन के भी घूमने की आज़ादी

गेम में हमेशा कोई मिशन नहीं होता. आप जब चाहो मुख्य कहानी के मिशन के टास्क कर सकते हो, और जब चाहो बिना किसी मिशन के शहर में ऐसे ही घूम सकते हो. आप गाड़ी चुराकर घूम सकते हो, समुद्र किनारे बैठ सकते हो, रेस्ट्रॉन्ट में जा सकते हो, जिम में कसरत कर सकते हो, दुकान लूट सकते हो क्योंकि याद रखिए किरदार दोनों अपराधियों के किरदार हैं. पकड़े जाने पर पुलिस ले जाती है, सज़ा भी होती है. लेकिन कोई जबरदस्ती नहीं है कि हर समय कोई मिशन चल रहा हो. शहर ज़िंदा है, और आप उसमें अपना तरीका चुन सकते हो.

गेम की आलोचना और उस पर छिड़ी बहस

तो बहुत लोगों ने ये आलोचना की इस गेम की कि ये तो अपराधियों का जीवन जीने का मौक़ा दे रही है. इसके जवाब में ये तर्क दिया जाता है कि है तो सब खेल ही, और खेल-खेल में तो बच्चे भी तो चोर-पुलिस खेलते हैं. तो क्या जो बच्चा चोर बन कर पुलिस से भागता है और पुलिस को नक़ली पिस्तौल से गोली मार देता है वो क्या आपराधिक मानसिकता की तरफ़ बढ़ जाता है. वो एक अलग बड़ी बहस है जिस पर मनोवैज्ञानिक बहुत कुछ लिख भी रहे हैं. लेकिन अभी मुद्दे की बात ये है कि दुनिया में अगर एक गेम का इतना तहलका मचा हुआ है तो उसकी ख़बर समझने के लिए जान तो लें कि ये GTA-GTA क्या है ये GTA-GTA? सौ बात की एक बात.

[ad_2]
Source link

Back to top button
Close
Crime
Social/Other
Business
Political
Editorials
Entertainment
Festival
Health
International
Opinion
Sports
Tach-Science
Eng News