यूपी – यूपी में शूटर ढेर: पश्चिम से पूर्वांचल तक, डॉन मुन्ना बजरंगी के गैंग में भी रहा; ‘खूनी’ के एनकाउंटर की कहानी – INA

एसटीएफ मेरठ और बागपत के सिंघावली अहीर थाना पुलिस की सैड़भर मार्ग पर सिंचाई विभाग के बंगले के पास शनिवार शाम सुशील मूंछ गिरोह के शॉर्प शूटर 50 हजार रुपये के इनामी विपुल उर्फ खूनी निवासी भभीसा जिला शामली के साथ मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से विपुल उर्फ खूनी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में लेकर पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसके पास से दो पिस्टल, कारतूस व खोखे और अपाचे बाइक बरामद की।
शामली जिले के भभीसा गांव के रहने वाले शूटर विपुल उर्फ खूनी के खिलाफ शामली, बागपत, दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी मांगने समेत अन्य अपराधों के 38 मामले दर्ज हैं। एसपी सूरज कुमार राय के अनुसार विपुल ने कुख्यात सुशील मूंछ के गिरोह में शामिल होकर कई घटनाओं को अंजाम दिया।
जेल से करीब दो साल पहले जमानत पर बाहर आने के बाद विपुल ने अपने गांव के ही हत्या के मामले में वादी अशोक कुमार से मुकदमे की पैरवी में खर्च हुए रुपये मांगने शुरू कर दिए। अशोक को रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।