खबर शहर , शिक्षक दिवस: शिक्षा विभाग ने 100 शिक्षकों को किया सम्मानित, डीएम बोले- निजी जैसे बेहतर हों सरकारी स्कूल – INA

शिक्षक दिवस पर बेसिक शिक्षा विभाग ने 100 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने इस अवसर पर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में भी निजी विद्यालयों जैसा बेहतर स्तर होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग का सालाना बजट 75 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। इसके अनुसार, एक बच्चे की शिक्षा पर सालाना करीब 50 हजार रुपये खर्च होते हैं। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि जब निजी स्कूल समान फीस पर अच्छी शिक्षा दे सकते हैं तो सरकारी स्कूलों में भी गुणवत्ता बेहतर क्यों नहीं हो सकती।
सम्मान समारोह शनिवार को हरीपर्वत स्थित हॉलीडे इन होटल में आयोजित किया गया। इसमें निपुण विद्यालय बने और बेहतर नामांकन वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सहायक परियोजना प्रशासनिक अधिकारी संजय कुमार, नगर खंड शिक्षा अधिकारी सुमित कुमार, डीसी लवली सिंह और डीसी कुलदीप तिवारी भी उपस्थित रहे।