खबर शहर , Agra News: यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता में हुए छह मुकाबले – INA

आगरा। एकलव्य इंडोर स्टेडियम में चल रही इंद्रा बंसल स्मृति तृतीय यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता में रविवार को छह वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए। आगरा की पहल गुप्ता और वेदांशी पोद्दार ने अपने-अपने वर्ग में खिताब जीतकर नाम रोशन किया। वहीं लखनऊ के लक्ष्य कुमार ने सब-जूनियर बालक और कैडेट बालक दोनों वर्गों में विजेता बनकर दोहरी सफलता हासिल की।

स्टैग ग्लोबल की ओर से प्रायोजित प्रतियोगिता का आयोजन आगरा जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन ने किया। आयोजन सचिव डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि इस सफल आयोजन में डॉ. विजय किशोर बंसल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सजल गुप्ता, मनोज कुमार, जुनैद सलीम ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान की। खिलाड़ियों को कुल 75 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई। इस अवसर पर टूर्नामेंट रेफरी एनके लहरी, लखनऊ के रेफरी अतिन रस्तोगी, मनोज कुमार, आशुतोष तिवारी, साहिल कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

खेल का यह रहा परिणाम

कैडेट बालिका अंडर-13 के फाइनल में आगरा की पहल गुप्ता ने प्रयागराज की अंशिका गुप्ता को 11-8, 13-11, 11-7 से हराकर खिताब जीता। हॉप्स बालिका अंडर-11 के फाइनल में आगरा की वेदांशी पोद्दार ने शहर की ही किमायरा सावहनी को 11-3, 11-8, 11-4 से हराकर पहला स्थान हासिल किया। सब-जूनियर बालक अंडर-15 के फाइनल में लखनऊ के लक्ष्य कुमार ने गाजियाबाद के अनघ सुंदरियाल को 15-13, 11-9, 11-5 से हराकर खिताब जीता। कैडेट बालक अंडर-13 में भी लक्ष्य कुमार विजेता रहे। उन्होंने फाइनल में कानपुर के अधिराज मजूमदार को 11-5, 11-6, 11-2 से हराया।

साक्षी और प्रणीत भी बने चैंपियन

सब-जूनियर बालिका अंडर-15 में लखनऊ की साक्षी तिवारी ने प्रयागराज की अंशिका गुप्ता को पांच गेम तक चले मुकाबले में 7-11, 11-8, 6-11, 13-11, 11-8 से हराकर खिताब जीता। हॉप्स बालक अंडर-11 के फाइनल में लखनऊ के प्रणीत अग्रवाल ने गोरखपुर के अनय सिंह को 11-3, 11-13, 11-7, 11-8 से हराकर विजेता ट्रॉफी हासिल की।


Credit By Amar Ujala

Back to top button
Close
Crime
Social/Other
Business
Political
Editorials
Entertainment
Festival
Health
International
Opinion
Sports
Tach-Science
Eng News