यूपी – संभल में 50 साल पहले किया था कब्जा: सरकारी जमीन पर बने इमामबाड़ा- मजार पर चला बुलडोजर, सवा करोड़ की जमीन मुक्त – INA

हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव मुकर्रबपुर में शुक्रवार को सरकारी जमीन पर बनाए गए इमामबाड़ा और हजरत शाह मियां नीम मजार को बुलडोजर से ढहा दिया गया। वर्षों पुराने कब्जे का मामला तहसीलदार कोर्ट में चल रहा था। बेदखली का आदेश हुआ था लेकिन कब्जे नहीं हटाए गए।
इसी क्रम में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। मौके पर डीएम, एसपी के साथ चार थानों की फोर्स तैनात रही। ग्रामीणों को इकट्ठा नहीं होने दिया गया। डीएम अंकित खंडेलवाल ने बताया कि करीब 50 साल पहले साढ़े चार बीघा सरकारी बंजर जमीन पर कब्जा किया गया था। इस जमीन की अनुमानित कीमत करीब सवा करोड़ रुपये है।
इसमें 2950 वर्गमीटर में इमामबाड़ा और 312 वर्गमीटर में मजार बनाई गई थी। इसी साल दो मई को लेखपाल ने तहसीलदार कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई थी। कोर्ट ने इमामबाड़ा और मजार की देखरेख करने वाले लोगों से दस्तावेज मांगे थे लेकिन वे कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
12 जुलाई को कोर्ट ने दोनों निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी कब्जे नहीं हटाए गए। शुक्रवार को पांच बुलडोजर और एक पोकलेन मशीन लगाकर अवैध निमार्ण ध्वस्त करा दिए गए। पुलिस, पीएसी और आरआरएफ के 50 से ज्यादा जवान तैनात किए गए थे।