खबर शहर , आगरा: कैंट स्टेशन पर गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, पानीपत का तस्कर गिरफ्तार; 3.30 लाख का माल बरामद – INA

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान गांजा तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 11.420 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 3.30 लाख रुपये बताई गई है।
सीओ जीआरपी राजेश दीक्षित ने बताया कि 18 अक्तूबर की रात को प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर दिल्ली छोर की तरफ चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अंशुल (38) निवासी भरत नगर, पानीपत, हरियाणा को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से गांजा मिला। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
यात्रियों को लौटाया खोया सामान
रेलवे का ऑपरेशन अमानत यात्रियों को उनका खोया हुआ सामान लौटाने में मदद कर रहा है। पिछले छह महीने में आगरा मंडल में 302 सामान बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत 36.85 लाख रुपये है। आरपीएफ और स्टेशन कर्मचारियों ने पहचान के बाद सामान मालिकों को सौंप दिया। आगरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि यात्री सामान छूटने पर रेलवे सहायता नंबर 139 पर सूचना दे सकते हैं।