यूपी – Railway News: 11 साल बाद फिर चलेगी ये ट्रेन, रुहेलखंड-लखनऊ के बीच और आसान हो जाएगा सफर; जानें अपडेट – INA

कासगंज-ऐशबाग के बीच चलने वाली 15311-12 रुहेलखंड एक्सप्रेस का संचालन 11 साल के बाद फिर शुरू किया जाएगा। रेलवे बोर्ड ने इसके लिए मंजूरी दे दी है। गाड़ी कब से चलेगी इसकी घोषणा बाद में की जाएगी।
पहले कासगंज-बदायूं-बरेली और फिर बरेली-पीलीभीत-मैलानी के बीच मीटरगेज रेल लाइन को ब्रॉडगेज में परिवर्तित किए जाने के दौरान 11 साल पहले रुहेलखंड एक्सप्रेस का संचालन बंद कर दिया गया था। सभी रेलखंड ब्रॉडगेज होने के बाद भी इस गाड़ी का संचालन शुरू नहीं हो सका।
ऐसे में कासगंज, बदायूं, पीलीभीत, मैलानी होते हुए ऐशबाग तक रेल कनेक्टिविटी खत्म हो गई। ब्रॉडगेज लाइन के बाद गोरखपुर-इज्जतनगर एक्सप्रेस समेत कई नई गाड़ियों का संचालन शुरू कर दिया गया।
लखनऊ तक का सफर होगा आसान
कासगंज, बदायूं के लोगों को दिल्ली तक की रेल सेवा के लिए बरेली-दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस को बरेली के स्थान पर कासगंज शिफ्ट कर दिया गया, लेकिन बदायूं, कासगंज के लोगों को लखनऊ के लिए रेल सेवा नहीं मिल सकी। रुहेलखंड एक्सप्रेस का संचालन शुरू होने के बाद यह कनेक्टिविटी फिर से बहाल हो जाएगी।