Technology, टेक टिप्स: फोन की वारंटी करनी है चेक? आईएमईआई नंबर से ऐसे लगाएं पता, जानें कब तक मिलेगी फ्री रिपेयरिंग सर्विस – Android Phone Warranty Check, How Check Warranty Status Samsung, Pixel, Oneplus And More — INA

सार
Table of Contents
- किसी भी एंड्रॉयड फोन की वारंटी कैसे चेक करें?
- आईएमईआई नंबर के बाद क्या करना होगा?
- सैमसंग फोन की वारंटी कैसे चेक करें?
- गूगल पिक्सेल में वारंटी कैसे चेक करें?
- वनप्लस की वारंटी कैसे चेक करें?
- विवो फोन की वारंटी कैसे चेक करें?
- आईक्यू फोन की वारंटी कैसे चेक करें?
- ऑनलाइन वारंटी चेक काम न करे तो क्या करें?
- वारंटी चेक करते समय इन बातों का रखें ध्यान
क्या आपको पता है कि आपके स्मार्टफोन की वारंटी कब तक है? अगर आपके एंड्रॉयड फोन में कोई खराबी आ जाती है, तो रिपेयर के लिए पैसे खर्च होंगे या कंपनी की वारंटी में फोन ठीक हो जाएगा, यह जानने के लिए सबसे पहले वारंटी स्टेटस चेक करना जरूरी है। लेकिन बहुत से लोगों को नहीं पता है कि यह कैसे देखते हैं, आइए जानते हैं एंड्रॉयड फोन में इसे चेक करने का तरीका।
आईएमईआई नंबर की एंड्रॉयड फोन में वारंटी की जानकारी किसी एक जगह नहीं मिलेगी। अलग-अलग कंपनियां इसके लिए अपने ऑफिशियल पोर्टल या एप देती हैं। हालांकि, ज्यादातर फोन में वारंटी चेक करने की प्रक्रिया लगभग एक जैसी है। आइए जानते हैं सैमसंग, गूगल पिक्सेल, वनप्लस, विवो, आईक्यू, ओपो जैसे फोन में वारंटी करने का स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस।
किसी भी एंड्रॉयड फोन की वारंटी कैसे चेक करें?
- किसी एंड्रॉयड फोन की वांरटी चेक करने के लिए सबसे पहले उसके आईएमईआई नंबर की जरूरत पड़ती है। इसके बाद संबंधित कंपनी के ऑफिशियल वांरटी पोर्टल पर जाकर कुछ आसान स्टेप्स में वांरटी स्टेटस देखा जा सकता है।
- फोन में आईएमईआई नंबर देखने के लिए फोन एप खोलें और डायलर पर जाएं। अब *#06# डायल करें। इसके बाद स्क्रीन पर 15 अंकों का आईएमईआई नंबर दिखाई देगा। इसे नोट कर लें या स्क्रीनशॉट ले सकते हैं।
- अगर फोन डुअल सिम को सपोर्ट करता है, तो स्क्रीन पर दो आईएमईआई नंबर दिखाई दे सकते हैं। वारंटी चेक करने के लिए आमतौर पर इनमें से किसी एक आईएमईआई नंबर का इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर *#06# काम नहीं करता है, तो आईएमईआई नंबर सेटिंग्स में अबाउट फोन या डिवाइस इंर्फोमेशन सेक्शन में भी मिल सकता है।
आईएमईआई नंबर के बाद क्या करना होगा?
- अब अगर आपको अपने फोन का आईएमईआई नंबर पता चल गया है, तो फोन की कंपनी की ऑफिशियल वारंटी चेक वेबसाइट खोलें। यहां आईएमईआई नंबर दर्ज करने के लिए एक बॉक्स मिलेगा। आईएमईआई डालने के बाद चेक या सबमिट पर टैप करें। इसके बाद वेबसाइट फोन का मॉडल, एक्टिवेशन डेट और वांरटी से जुड़ी दूसरी जानकारी दिखा सकती है।
- वारंटी चेक करते समय एक्टिवेशन डेट पर खास ध्यान देना चाहिए। यह वह तारीख होती है, जब फोन की वारंटीशुरू हुई थी। ज्यादातर एंड्रॉयड फोन पर एक साल की मैन्युफैक्चर वारंटी मिलती है, लेकिन वारंटी अवधि मॉडल और कंपनी के हिसाब से अलग हो सकती है।
- इसलिए केवल एक्टिवेशन डेट देखकर 12 महीने की वारंटी मान लेना सही नहीं है। वारंटी पोर्टल पर दिखाई जा रही एक्सपायरी डेट या कवरेज स्टेटस को प्राथमिकता दें। अगर वारंटी एक्टिव है, तो वारंटी टर्म के अनुसार ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर पर रिपेयर की सुविधा मिल सकती है।
सैमसंग फोन की वारंटी कैसे चेक करें?
- सैमसंग फोन की वारंटी चेक करने का आसान तरीका सैमसंग मेंबर्स एप है। यह एप आमतौर पर सैमसंग फोन में पहले से मौजूद होता है। सैमसंग मेंबर्स एप खोलें और सपोर्ट सेक्शन में जाएं। यहां अपने डिवाइस को चुनने के बाद मैन्युफैक्चर वारंटी से जुड़ी जानकारी देखी जा सकती है। इसमें वारंटी की एक्सपायरी डेट भी दिखाई दे सकती है।
- सैमसंग अकाउंट के जरिए भी वारंटी की जानकारी चेक की जा सकती है। इसके लिए अकाउंट में साइन-इन करके माई प्रोडक्ट्स सेक्शन में जाएं। यहां आईएमईआई या सीरीयल नंबप की मदद से डिवाइस की वारंटी डिटेल्स देखी जा सकती हैं।
गूगल पिक्सेल में वारंटी कैसे चेक करें?
- गूगल पिक्सेल फोन में वारंटी चेक करना भी आसान है। एंड्रॉयड 16 और नए सॉफ्टवेयर को सपोर्ट करने वाले गूगल पिक्सेल डिवाइस में वारंटी की जानकारी सीधे सेटिंग्स से देखी जा सकती है। इसके लिए सेटिंग्स में जाकर डिवाइस हेल्थ एंड सपोर्ट में जाएं फिर वारंटी पर टैप करें। यहां वारंटी एक्टिव होने पर उसका स्टेटस और कवरेज अंटिल डेट दिखाई दे सकती है।
- गूगल की ऑफिशियल वेबसाइट से भी पिक्सेल की वारंटी चेक की जा सकती है। इसके लिए गूगल स्टोर के माई डिवाइस सेक्शन या गूगल रिपेयर पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है। वेबसाइट पर वारंटी डिटेल्स देखने के लिए आईएमईआई नंबर की जरूरत पड़ सकती है।
वनप्लस की वारंटी कैसे चेक करें?
- वनप्लस फोन की वारंटी चेक करने के लिए पहले आईएमईआई नंबर निकालें। इसके बाद वनप्लस की आधिकारिक वारंटी चेक वेबसाइट पर जाएं। यहां आईएमईआई नंबर दर्ज करके चेक नाउ पर टैप करें। इसके बाद फोन का मॉडल, स्टोरेज वैरिएंट और एक्टिवेशन टाइम जैसी जानकारी दिखाई दे सकती है।
- वारंटी स्टेटस के साथ एक्टिवेशन डेट देखकर पता लगाया जा सकता है कि फोन वारंटी के अंदर है या नहीं। हालांकि, सबसे सही जानकारी के लिए वेबसाइट पर दिखाई गई वारंटी एक्सपायरी डेट या कवरेज स्टेटस को देखना बेहतर है।
विवो फोन की वारंटी कैसे चेक करें?
- विवो फोन में आईएमईआई नंबर सेटिंग्स से भी आसानी से देखा जा सकता है। इसके लिए सेटिंग्स में जाकर अबाउट फोन पर टैप करें, यहां स्टेटस इंफो दिखेगा, इसपर क्लिक करने के बाद यहां आईएमईआई नंबर दिखाई देगा।
- इसके बाद विवो की ऑफिशियल वारंटी चेक वेबसाइट खोलें और आईएमईआई नंबर दर्ज करें। सबमिट करने के बाद फोन का मॉडल, कलर और वारंटी एक्सपायरी डेट जैसी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई जा सकती है। इससे सर्विस सेंटर जाने से पहले ही पता लगाया जा सकता है कि फोन अभी वारंटी में है या नहीं।
आईक्यू फोन की वारंटी कैसे चेक करें?
- आईक्यू फोन की वारंटी चेक करने का तरीका विवो जैसा ही है। सबसे पहले फोन का आईएमईआई नंबर निकालें और आईक्यू की वारंटी चेक सुविधा पर जाकर आईएमईआई दर्ज करें।
- इसके बाद फोन की वारंटी से जुड़ी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे सकती है। आईक्यू और विवो के After-Sales Network की वजह से दोनों ब्रांड में वारंटी चेक करने की प्रक्रिया काफी समान है।
ऑनलाइन वारंटी चेक काम न करे तो क्या करें?
- कई बार कंपनी की वारंटी वेबसाइट काम नहीं करती या आईएमईआई नंबर पहचानने में दिक्कत आती है। ऐसी स्थिति में फोन की परचेस इनवॉइस सबसे जरूरी डॉक्यूमेंट बन जाती है।
- इनवॉइस पर दी गई Purchase Date से वारंटी की अवधि का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, वास्तविक वारंटी अवधि कंपनी, मॉडल और वारंटी टर्म्स पर निर्भर करती है। इसलिए इनवॉइस के साथ कंपनी की वारंटी पॉलिसी को भी जरूर देखें।
- फोन की इनवॉइस को सुरक्षित रखना चाहिए, क्योंकि वारंटी क्लेम के समय ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर पर इसकी जरूरत पड़ सकती है।
- फोन को रिपेयर के लिए देने से पहले उसमें मौजूद जरूरी डाटा का बैकअप भी जरूर ले लें। कुछ मामलों में सर्विस सेंटर पर फोन को रीसेट किया जा सकता है, जिससे फोन में मौजूद डाटा डिलीट हो सकता है।
वारंटी चेक करते समय इन बातों का रखें ध्यान
- वारंटी स्टेटस चेक करते समय हमेशा कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या एप का इस्तेमाल करें। किसी अनजान वेबसाइट पर आईएमईआई नंबर डालने से बचें।
- साथ ही वारंटी एक्सपायरी डेट, वारंटी टर्म्स को ध्यान से पढ़ें, क्योंकि हर तरह की खराबी वारंटी में कवर नहीं होती।
- अगर फोन की वारंटी Active है, तो रिपेयर कराने से पहले ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर की वारंटी कवरेज की पुष्टि करना बेहतर रहेगा।