Technology, GTA 6 के लिए पेड लीव ले रहे कर्मचारी: रिलीज से पहले ही प्री-ऑर्डर एक बिलियन डॉलर पार, गेम का ऐसा क्रेज क्यों? — INA

Grand Theft Auto 6: गेमिंग की दुनिया में कुछ ऐसे भी नाम है, जिनका सिर्फ गेमर्स ही नहीं, बल्कि पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री इंतजार करती है। ऐसी ही एक नाम है ग्रैंड थेफ्ट ऑटो यानी की जीटीए। आज इसका छठा वर्जन दुनियाभर में लॉन्च हो गया है। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा आप इस बात से भी लगा सकते हैं, कि रिलीज से पहले ही इसके प्री-ऑर्डर एक बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर चुके थे। इतना ही नहीं, गेम खेलने के लिए दुनिया की कई कंपनियां अपने कर्मचारियों को पेड छुट्टी तक दे रही हैं। भारत में भी boAt जैसी कंपनियों ने इस ट्रेंड को अपनाया है। दिल्ली के गेमिंग कैफे में युवाओं का उत्साह भी इस गेम की लोकप्रियता की कहानी बयां कर रहा है।  


Table of Contents

ऐसे में एक सवाल जरूर उठता है कि आखिर जीटीए 6 में ऐसा क्या है, जिसके लिए लोग पेड लीव लेने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं? आइए जानते हैं इसके बारे में..

रिलीज से पहले ही एक बिलियन डॉलर पार हुए प्री-ऑर्डर


  • जीटीए 6 ने रिलीज से पहले ही बिक्री के मामले में बड़ा रिकॉर्ड हासिल किया था। दुनियाभर में इसकी प्री-ऑडर्स एक बिलियन डॉलर से ज्यादा पहुंच गए थे। यही वजह है कि इसे इतिहास के सबसे ज्यादा बिकने वाले एंटरटेनमेंट प्रोडक्ट्स में शामिल होने का मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

  • अब तक पूरी दुनिया में जीटीए सीरीज की 470 मिलियन से ज्यादा यूनिट्स बिक चुकी हैं। इसमें अकेले जीटीए 5 की ही 230 मिलियन से ज्यादा यूनिट्स शामिल हैं। जीटीए 5 ने रिलीज के शुरुआती तीन दिनों में ही एक बिलियन डॉलर की बिक्री का आंकड़ा छू लिया था। वहीं, जीटीए 6 ने रिलीज से पहले ही प्री-ऑर्डर में ही यह आंकड़ा पार कर लिया।

GTA 6 के लिए कंपनियां दे रहीं पेड छुट्टी


  • इसकी लोकप्रियता का अंदाजा आप इस बात से भी लगा सकते हैं, कि कई कंपनियां अपने कर्मचारियों को जीटीए 6 खेलने के लिए छुट्टी भी दे रही हैं। लॉजिटेक जैसी टेक कंपनियों, जापानी गेमिंग स्टूडियो पॉकेटपेयर और अमेरिका की बर्गर मोटरस्पोर्ट्स ने कर्मचारियों को एक या उससे ज्यादा दिनों की पेड लीव दी है। यानी कर्मचारियों को गेम खेलने के लिए छुट्टी के साथ वेतन भी मिलेगा।

  • भारत में भी यह ट्रेंड देखने को मिला है। इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड बोट और इंटीरियर डिजाइन फर्म इंडी जैसी कंपनियों ने भी कर्मचारियों को गेम खेलने के लिए छुट्टी देने का कदम उठाया है।

  • यह दिखाता है कि GTA 6 अब सिर्फ गेमिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि कंपनियों और युवाओं के बीच भी चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।


क्या खास होगा इसबार?


  • जीटीए 6 की कहानी एक बार फिर मशहूर काल्पनिक शहर वाइस सिटी में पहुंचती है। यह शहर अमेरिका के मियामी से प्रेरित है। जीटीए 5 की कहानी लॉस एंजिल्स से प्रेरित लॉस सैंटोस शहर में थी, लेकिन इस बार गेमर्स को वाइस सिटी की नियॉन रोशनी वाली सड़कों और एक नई दुनिया का अनुभव मिलेगा।

  • इस गेम में दो नए मुख्य किरदार लूसिया कैमिनोस और जेसन डुवल हैं। दोनों लियोनिडा में रहते हैं, जो अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य से प्रेरित एक काल्पनिक जगह है। कहानी में दोनों अपराध की दुनिया में फंस जाते हैं और उन्हें वहां से निकलने के लिए एक-दूसरे पर निर्भर रहना पड़ता है।

  • गेम के परिचय में बताया गया है कि जेसन और लूसिया हमेशा से जानते थे कि हालात उनके खिलाफ हैं, लेकिन एक आसान काम बिगड़ने के बाद दोनों अमेरिका की सबसे धूप वाली जगह के सबसे अंधेरे हिस्से में पहुंच जाते हैं। यहां वे लियोनिडा राज्य में फैली आपराधिक साजिश में फंस जाते हैं।


ट्रेलर ने भी बनाया व्यूज का रिकॉर्ड


  • जीटीए 6 को लेकर लोगों की उत्सुकता गेम के ट्रेलर में भी साफ दिखाई दी। रॉकस्टार गेम्स की पैरेंट कंपनी टेक-टू इंटरएक्टिव के अनुसार, इस साल गेम का पहला ट्रेलर रिलीज होने के 24 घंटे के भीतर यूट्यूब पर 93 मिलियन बार देखा गया था।

  • वहीं, दूसरे ट्रेलर को भी इतने ही समय में अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर 475 मिलियन से ज्यादा बार देखा गया। इन आंकड़ों से समझा जा सकता है कि गेम को लेकर दुनियाभर में कितनी चर्चा रही।


1997 में शुरू हुआ था जीटीए का सफर


  • जीटीए सीरीज की शुरुआत साल 1997 में हुई थी। करीब तीन दशक के सफर में इस गेम ने ओपन-वर्ल्ड गेमिंग की दुनिया को काफी हद तक बदल दिया।

  • इस सीरीज की एक खास बात इसमें मशहूर हस्तियों की मौजूदगी भी रही है। इसके शुरुआती वर्जन में सैमुअल एल जैक्सन, बर्ट रेनॉल्ड्स, फिल कॉलिन्स और रिकी जर्विस जैसी हस्तियों ने कैमियो यानी छोटे-छोटे रोल निभाए थे।

  • समय के साथ जीटीए सिर्फ एक वीडियो गेम नहीं रहा, बल्कि पॉप कल्चर का हिस्सा बन गया। इसके किरदार, शहर, मिशन और डायलॉग गेमिंग के बाहर भी लोगों के बीच लोकप्रिय हुए।


भारत में भी जेन-जी के बीच जबरदस्त उत्साह


जीटीए 6 को लेकर भारत में भी युवाओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। बुधवार को दिल्ली के इम्मोर्टल गेमिंग कैफे में युवा गेम के जश्न के लिए इकट्ठा हुए। यहां संगीत, गेम से प्रेरित टी-शर्ट और गेमर्स का उत्साह देखने को मिला।



सिर्फ गेम नहीं, ग्लोबल क्रेज बन चुका है जीटीए 


जीटीए 6 को लेकर प्री-ऑर्डर के आंकड़े, ट्रेलर के व्यूज, कंपनियों की पेड लीव और गेमिंग कैफे में बढ़ती मांग एक बात साफ करती है। यह गेम सिर्फ गेमर्स के बीच लोकप्रिय नहीं है, बल्कि एक बड़े सांस्कृतिक और व्यावसायिक इवेंट का रूप ले चुका है। यही वजह है कि इसके लिए लोग पहले से प्लानिंग कर रहे हैं और कई कर्मचारी तो गेम खेलने के लिए ऑफिस से छुट्टी तक ले रहे हैं।

Source link

Back to top button
Close
Crime
Social/Other
Business
Political
Editorials
Entertainment
Festival
Health
International
Opinion
Sports
Tach-Science
Eng News