Technology, चैटजीपीटी ने लॉन्च किया वॉलेट: अब एआई एजेंट कर सकेंगे खरीदारी का भुगतान; कार्ड की जानकारी भी रहेगी सुरक्षित – Openai Launches Chatgpt Wallet To Let Ai Agents Make Shopping Payments — INA

सार
ओपनएआई ने चैटजीपीटी वॉलेट लॉन्च किया है। इसकी मदद से एआई एजेंट यूजर के कार्ड की जानकारी देखे बिना खरीदारी का भुगतान कर सकेंगे। हालांकि, हर लेनदेन से पहले यूजर की मंजूरी जरूरी होगी। शुरुआत में यह सुविधा अमेरिका में 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पात्र चैटजीपीटी प्रो सब्सक्राइबर्स को मिलेगी। यूजर फेस आईडी या फिंगरप्रिंट से भुगतान की मंजूरी दे सकेंगे।

ओपनएआई ने शुक्रवार को ‘चैटजीपीटी वॉलेट’ लॉन्च किया है, जिसकी मदद से एआई एजेंट यूजर के कार्ड का विवरण देखे बिना खरीदारी के लिए भुगतान कर सकेंगे। हालांकि, सुरक्षा को देखते हुए हर लेनदेन से पहले यूजर की मंजूरी अनिवार्य होगी।
ओपनएआई ने इस वॉलेट को अमेरिकन एक्सप्रेस, मास्टरकार्ड और वीजा के साथ साझेदारी में तैयार किया है। शुरुआत में यह सुविधा अमेरिका में 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के ‘चैटजीपीटी प्रो’ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध होगी, जिनके पास पात्र अमेरिकी कार्ड हैं। इसे कंपनी के ऑलवेज-ऑन एआई एजेंट्स ‘डॉट्स’ के जरिये इस्तेमाल किया जा सकेगा।
फेस आईडी या फिंगरप्रिंट स्कैन के जरिये लेनदेन को मंजूरी
खरीदारी से पहले यूजर सामान, कुल राशि और चुने गए कार्ड की जांच कर सकेंगे और फेस आईडी या फिंगरप्रिंट स्कैन से लेनदेन को मंजूरी देंगे। भुगतान नेटवर्क असली कार्ड विवरण के बजाय एक ‘पेमेंट टोकन’ प्रदान करेगा, जिससे न तो व्यापारी और न ही एआई एजेंट कार्ड की जानकारी देख पाएंगे। ओपनएआई को उम्मीद है कि भविष्य में यूजर खर्च की सीमा, श्रेणियों या समय-सीमा जैसे नियम तय करके खरीदारी की पूरी जिम्मेदारी एआई एजेंट्स को सौंप सकेंगे।