Tach – GTA 6 Launch: 13 साल का इंतजार खत्म, GTA 6 हुआ लॉन्च, रिलीज से पहले ही कमाए 1 अरब डॉलर

गेमिंग की दुनिया में जिस एक गेम का इंतजार सालों से हो रहा था, वह आखिरकार लॉन्च हो गया है. रॉकस्टार गेम्स (Rockstar Games) का Grand Theft Auto 6 (GTA 6) गुरुवार, 19 नवंबर को गेमर्स के लिए अब लॉन्च हो गया. करीब 13 साल बाद GTA सीरीज का नया वर्जन आया है. फिलहाल इसे PlayStation 5 और Xbox Series X/S पर खेला जा सकता है. खास बात ये है कि गेम ने रिलीज से पहले ही ग्लोबल प्री-ऑर्डर के जरिए 1 अरब डॉलर से ज्यादा की कमाई कर ली है. इससे इसके अब तक के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले एंटरटेनमेंट प्रोडक्ट्स में शामिल होने की उम्मीद है.

वाइस सिटी में फिर से वापसी

GTA 6 में गेमर्स को एक बार फिर वाइस सिटी की दुनिया देखने को मिलेगी. यह इमेजिनरी शहर अमेरिका के मियामी से प्रेरित है. GTA 5 की कहानी लॉस सैंटोस में दिखाई गई थी, जो लॉस एंजिल्स की तर्ज पर बनाया गया था. इस बार कहानी लियोनिडा नाम के काल्पनिक राज्य में आगे बढ़ेगी, जो फ्लोरिडा से इंस्पायर्ड है.

गेम में दो नए रोल लूसिया कैमिनोस और जेसन डुवाल हैं. दोनों एक-दूसरे के करीब हैं और अपराध की दुनिया में फंस जाते हैं. कहानी में एक छोटी सी वारदात के बिगड़ने के बाद दोनों खुद को एक बड़ी आपराधिक साजिश के बीच पाते हैं. ऐसे में उन्हें मुश्किल हालात से निकलने के लिए एक-दूसरे का साथ देना होगा.

गेम की खासियत इसके ग्राफिक्स, एनिमेशन और शहर की बारीकियों को दिखाने का तरीका है. सड़कों, गाड़ियों, लोगों और आसपास के माहौल को इस तरह तैयार किया गया है कि गेमर्स को एक असली शहर में घूमने जैसा एक्सपीरियंस मिल सके.

रिलीज से पहले ही 1 अरब डॉलर के पार पहुंचा प्री-ऑर्डर

GTA 6 की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज से पहले ही इसके ग्लोबल प्री-ऑर्डर 1 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच गए. GTA फ्रैंचाइज अब तक दुनियाभर में 47 करोड़ से ज्यादा यूनिट बेच चुकी है. इसमें GTA 5 की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा है. इस गेम की 23 करोड़ से ज्यादा यूनिट बिक चुकी हैं.

GTA 5 ने रिलीज के शुरुआती तीन दिनों में ही 1 अरब डॉलर की बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया था. अब GTA 6 ने रिलीज से पहले ही प्री-ऑर्डर के जरिए यह आंकड़ा पार कर लिया है.

गेम के ट्रेलर को लेकर भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला था. इसके पहले ट्रेलर को रिलीज के 24 घंटे के भीतर YouTube पर 9.3 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले थे. वहीं, दूसरे ट्रेलर को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक दिन में 47.5 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया था.

GTA 6 के लिए कंपनियों ने कर्मचारियों को दी छुट्टी

GTA 6 का क्रेज सिर्फ गेमर्स तक लीमिटेड नहीं है. दुनियाभर में कई कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को गेम खेलने के लिए पेड छुट्टी देने का फैसला किया. गेमिंग डिवाइस बनाने वाली कंपनी Logitech, जापानी गेमिंग स्टूडियो Pocketpair और अमेरिका की Burger Motorsports जैसी कंपनियां इस पहल में शामिल रहीं.

भारत में भी इलेक्ट्रॉनिक्स ब्रांड boAt और इंटीरियर डिजाइन कंपनी Inde ने कर्मचारियों के लिए छुट्टी का ऐलान किया. सोशल मीडिया पर भी GTA 6 की रिलीज को लेकर खूब चर्चा हो रही है. पिछले कई सालों से इंटरनेट पर ‘GTA 6 से पहले यह हो गया’ जैसे मीम्स वायरल हो रहे थे. अब गेम रिलीज होने के बाद ये मीम्स भी इंटरनेट के एक पुराने दौर की याद बन गए हैं. करीब तीन दशक पहले 1997 में शुरू हुई GTA सीरीज ने ओपन-वर्ल्ड गेमिंग को नई पहचान दी थी. अब GTA 6 की रिलीज के साथ रॉकस्टार गेम्स ने एक बार फिर गेमिंग इंडस्ट्री में बड़ी चर्चा शुरू कर दी है.


Source link

Back to top button
Close
Crime
Social/Other
Business
Political
Editorials
Entertainment
Festival
Health
International
Opinion
Sports
Tach-Science
Eng News