खबर शहर , Agra News: दीप्ति के दूसरी बार आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ बनने पर जताई खुशी – INA

आगरा। ताजनगरी की बेटी दीप्ति शर्मा को एक बार फिर विश्व क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन का इनाम मिला है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति को अक्तूबर 2026 के लिए आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया है।

अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड और बांग्लादेश की सोभाना मोस्तरी को पीछे छोड़कर यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया। दीप्ति की इस उपलब्धि से आगरा का नाम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोशन हुआ है। उनके कोच और भाई सुमित शर्मा और परिजन ने खुशी जाहिर की है ।

दीप्ति ने अक्तूबर में जिम्बाब्वे के भारत दौरे पर बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने तीन टी-20 और तीन एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में कुल 155 रन बनाए और सात विकेट हासिल किए। भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सभी छह मुकाबले जीतकर अपना दबदबा कायम रखा।

दूसरी बार मिला आईसीसी का सम्मान

दीप्ति को दूसरी बार आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ का पुरस्कार मिला है। इससे पहले दिसंबर 2023 में भी वह यह सम्मान हासिल कर चुकी थीं। आईसीसी ने अक्तूबर महीने के पुरस्कार की घोषणा की। दीप्ति ने पुरस्कार मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज भारतीय टीम के लिए शानदार रही।

आगरा क्रिकेट एसोसिएशन की सदस्य तूलिका कपूर ने कहा कि दीप्ति शर्मा की यह उपलब्धि पूरे आगरा के लिए गर्व की बात है। दीप्ति की सफलता शहर की उभरती हुई महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। विश्व कप विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहने के बाद अब आईसीसी का यह व्यक्तिगत सम्मान उनके शानदार सफर में एक और उपलब्धि जुड़ गया है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button
Close
Crime
Social/Other
Business
Political
Editorials
Entertainment
Festival
Health
International
Opinion
Sports
Tach-Science
Eng News