खबर शहर , यूपी: एमएलसी चुनाव में हुई बूथ कैप्चरिंग! मतपत्र छीनकर बैलेट बॉक्स में डाले; अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज – INA

आगरा के सैंया में एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्तूबर को हुए मतदान के दौरान 8-10 लोगों पर मतदान स्थल में जबरन घुसकर मतपत्र छीनकर बूथ कैप्चर करने का आरोप है। मामले में पीठासीन अधिकारी की तहरीर पर थाना सैंया में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सैंया ब्लॉक में बनाए गए मतदान केंद्र पर राज्य कर अधिकारी राकेश कुमार पीठासीन अधिकारी बनाए गए थे। उनके साथ वरिष्ठ सहायक दिलीप कुमार की ड्यूटी थी।
पीठासीन अधिकारी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की दोपहर 8-10 अज्ञात लोग मतदान स्थल पर घुस आए तथा मतपत्र छीन कर बैलेट बाक्स में डालकर बूथ कैप्चर कर लिया। इसकी तत्काल जानकारी उन्होंने सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट को दी थी।
एसीपी सैंया जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि पीठासीन अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच की जा रही है।