टाइगर श्रॉफ पर हमले से पहले फायरिंग की प्रैक्टिस की:होटल में भी चली गोली; 10 गिरफ्तार, युवती का परिवार बोला- बेटी को बहाने से लेकर गए- INA NEWS

एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग से पहले आरोपियों ने पिस्टल चलाने की प्रैक्टिस की थी। पुलिस के मुताबिक, अंधेरी के एक होटल में भी गलती से गोली चली थी, जो बिस्तर पर लगी। मामले में दो युवतियों समेत अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें शामिल यूपी की बबीता के परिवार का दावा है कि राधा उसे मंदिर में दर्शन कराने के बहाने मुंबई ले गई थी। परिवार का कहना है कि बबीता को हथियारों और फायरिंग की साजिश की जानकारी नहीं थी। टाइगर की कार पर 18 अक्टूबर की शाम फायरिंग हुई थी। उनका ड्राइवर और एक फैन घायल हुए थे। प्रैक्टिस में दो आरोपियों ने 3 राउंड फायर किए मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने उस जगह के बारे में बताया, जहां उन्होंने हथियार चलाने की प्रैक्टिस की थी। एक आरोपी ने दो राउंड और दूसरे ने एक राउंड फायर किया था। जांचकर्ताओं के मुताबिक, अंधेरी के एक होटल के कमरे में पिस्टल की टेस्टिंग करते समय वह जाम हो गया था और गोली बिस्तर पर जा लगी। अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस लाने का आरोप पुलिस के मुताबिक, हरियाणा के सोनीपत के कुणाल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित के निर्देश पर अमृतसर से पिस्टल और 20 कारतूस लिए थे। उसके साथ सुमित भी गया था। जांच के मुताबिक, कुणाल ने राधा को हथियार मुंबई ले जाने के लिए तैयार किया। 15 अक्टूबर को वह राधा और बबीता के साथ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा। इस दौरान कुणाल और अनिल पंडित एक एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए संपर्क में थे। 17 अक्टूबर को दोनों महिलाएं मुंबई के दादर स्टेशन पहुंचीं और एक होटल में ठहरीं। इसके बाद एक अन्य आरोपी ने राधा से हथियारों वाला बैग लिया। अगले दिन टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई। वारदात के समय राधा और बबीता ट्रेन से दिल्ली लौट गईं। बबीता का परिवार बोला- बेटी दोषी हुई तो सजा मिलनी चाहिए बबीता उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की रहने वाली है और हरियाणा के सोनीपत में पैकर का काम करती थी। उसके परिवार का दावा है कि राधा ने उसे मंदिरों में दर्शन कराने के बहाने मुंबई ले जाने की बात कही थी। परिवार के मुताबिक, बबीता को हथियारों या फायरिंग की कथित साजिश की जानकारी नहीं थी। बबीता के पिता रामजनम राम ने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी बेटी दोषी पाई जाती है, तो उसे सजा मिलनी चाहिए। दूसरी ओर, राधा की मां मैना ने भी अपनी बेटी को निर्दोष बताते हुए कहा कि हो सकता है उसे किसी ने बहकाया या मजबूर किया हो। पुलिस ने तीन आरोपियों को 31 अक्टूबर तक हिरासत में लिया राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार तीन आरोपियों- रेहान उर्फ सुक्का, रितिक कुर्मी उर्फ रोशन और फूल सिंह को बुधवार को मुंबई की एस्प्लेनेड कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने हथियार बरामद करने, इलेक्ट्रॉनिक सबूत जुटाने और हमले के पीछे का मकसद पता लगाने के लिए 14 दिन की हिरासत मांगी थी। बचाव पक्ष ने पुलिस हिरासत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपियों से ट्रांजिट रिमांड के दौरान पूछताछ हो चुकी है और इलेक्ट्रॉनिक सबूत जुटाने के लिए उन्हें हिरासत में रखना जरूरी नहीं है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद तीनों को 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। जुहू में फुटबॉल क्लब के बाहर हुई थी फायरिंग 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से निकल रहे थे, तभी दो हमलावरों ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं। रिपोर्टों के मुताबिक, करीब 6 से 7 राउंड फायर किए गए। टाइगर सुरक्षित बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और व्लॉगर उमेश चौहान घायल हो गए। घटना के बाद हमलावरों की मोटरसाइकिल अंधेरी में लावारिस मिली थी। घायल व्लॉगर के शरीर से गोली निकाली गई व्लॉगर उमेश चौहान का 21 अक्टूबर को मुंबई के KEM अस्पताल में ऑपरेशन किया गया। BMC के मुताबिक, डॉक्टरों ने उनके शरीर में फंसी गोली निकाल दी। ऑपरेशन के बाद उनकी हालत स्थिर थी और उन्हें निगरानी में रखा गया।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |