दिल्ली की 1500 ऐतिहासिक धरोहरों का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड:क्यूआर कोड से जान सकेंगे इतिहास; डीडीए और इंटैक के बीच समझौता- INA NEWS

दिल्ली की ऐतिहासिक इमारतों, पुराने बाजारों और गुमनाम धरोहरों को नई पहचान दिलाने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण ने पहल की है। इसके तहत राजधानी की करीब 1500 ऐतिहासिक और विरासत संरचनाओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इसके लिए डीडीए और इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज के दिल्ली चैप्टर के बीच 16 नवंबर को समझौता हुआ। इस दौरान डीडीए उपाध्यक्ष एन. सरवण कुमार भी मौजूद रहे। ‘रीडिस्कवरिंग दिल्ली: कनेक्टिंग पीपल, प्लेसेज एंड हेरिटेज’ नाम की इस परियोजना में ऐतिहासिक स्मारकों, पुरातात्विक अवशेषों, पुरानी इमारतों, आधुनिक वास्तुकला, पारंपरिक बाजारों और अब तक आधिकारिक पहचान से वंचित धरोहरों को शामिल किया जाएगा। इनके इतिहास, वास्तुकला और सांस्कृतिक महत्व का रिकॉर्ड तैयार करने के लिए पुराने दस्तावेजों, तस्वीरों और अभिलेखागार की मदद ली जाएगी। क्यूआर कोड स्कैन करते ही मिलेगी धरोहर की जानकारी परियोजना के तहत चिह्नित ऐतिहासिक स्थलों पर क्यूआर कोड वाले सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। पर्यटक मोबाइल से कोड स्कैन कर संबंधित स्मारक का इतिहास और महत्व जान सकेंगे। इसके अलावा इंटरैक्टिव डिजिटल मैप, हेरिटेज ट्रेल और पैदल घूमने के विशेष रूट विकसित किए जाएंगे। करीब 1500 धरोहरों की जानकारी, तस्वीरों और हेरिटेज वॉक रूट वाली डिजिटल ई-बुक भी तैयार होगी। इससे पर्यटकों, विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को फायदा मिलेगा। डीडीए के मुताबिक, परियोजना दिल्ली के मास्टर प्लान-2047 के अनुरूप है। इससे भविष्य में हेरिटेज जोन, सांस्कृतिक क्षेत्र और पुरातात्विक पार्क विकसित करने की योजना बनाने में मदद मिलेगी। समझौते के एक साल के भीतर शोध, दस्तावेजीकरण और डिजाइन का काम पूरा करने का लक्ष्य है। अप्रैल 2026 में दिल्ली रिज पर तैयार ई-बुक में शामिल धरोहरों को इस परियोजना में दोहराया नहीं जाएगा।
Source link
यह पोस्ट सबसे पहले भस्कर डॉट कोम पर प्रकाशित हुआ हमने भस्कर डॉट कोम के सोंजन्य से आरएसएस फीड से इसको रिपब्लिश करा है |