माफिया अतीक अहमद की एक और संपत्ति पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने शिकंजा कसा है। पीडीए ने माफिया के कब्जे में रहे छोटा कर्बला को सील कर दिया है। छोटा कर्बला अतीक के कार्यालय के ठीक पीछे है, जहां कभी उसके अवैध कारोबार का साम्राज्य स्थापित था।
पीडीए की इस कार्रवाई से उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अली जैदी के नेतृत्व में वक्फ संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने की मुहिम को बड़ी सफलता मिली है। प्रयागराज के चकिया स्थित छोटी कर्बला की वक्फ संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे के मामले में प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर से परिसर को सील किए जाने को माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
बताया गया है कि माफिया अतीक अहमद ने अपने रिश्तेदार अबू तालिब के माध्यम से इस संपत्ति पर अवैध कब्जा कराया था। अली जैदी ने स्पष्ट किया कि वक्फ की संपत्तियां धार्मिक और सामाजिक अमानत हैं। इन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चाहे कब्जेदार कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के दायरे में रहकर वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और उन्हें कब्जामुक्त कराने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।