Crime- जींद कृष्ण हत्याकांड: हथियार सप्लाई करने वाला शामली का आरोपी गिरफ्तार, जुलाना ट्रक मार्केट में मारी थी गोली -#INA

जुलाना की ट्रक मार्केट में कृष्ण की हत्या के मामले में पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल अवैध हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में उत्तर प्रदेश के शामली जिले के महावतपुर निवासी प्रद्युम्न को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी वासुदेव उर्फ अंगद से पूछताछ के आधार पर हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी तक पहुंच पाई।
थाना जुलाना प्रभारी उपनिरीक्षक कमल सिंह के अनुसार, 16 और 17 अक्टूबर की मध्यरात्रि जींद-रोहतक रोड स्थित ट्रक मार्केट में कृष्ण की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में जुलाना थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस इस मामले में रामराये निवासी लोकेंद्र उर्फ मराठा और लजवाना खुर्द निवासी आशीष उर्फ भोला को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जिला जेल जींद भेज दिया गया था।
ब्रेजा गाड़ी से बरामद हुआ था देसी पिस्तौल और खोल
पुलिस जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई ब्रेजा गाड़ी से 32 बोर का एक देसी पिस्तौल और एक खाली खोल बरामद किया गया था। मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी वासुदेव उर्फ अंगद निवासी जुलाना से पूछताछ के बाद पुलिस ने प्रद्युम्न को हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार किया।
अधिकारी के अनुसार
पुलिस अधीक्षक उपासना के मार्गदर्शन में जुलाना थाना पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी प्रद्युम्न और वासुदेव उर्फ अंगद को न्यायालय में पेश किया है।