Crime- ‘अगला नंबर तुम्हारा होगा’: किराना दुकानदार को लिफाफे में भेजा कटा हाथ, दी धमकी; लुधियाना में फैली सनसनी -#INA

लुधियाना के थाना डाबा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बागी स्टैंड इलाके में शनिवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई।
अज्ञात बाइक सवार बदमाश एक करियाना स्टोर पर पहुंचे और दुकानदार को सफेद रंग का लिफाफा दिया। आरोपियों ने दुकानदार को धमकी दी कि यह पड़ोसियों को दे देना, विरोध करने पर उनका भी यही अंजाम होगा। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। दुकानदार ने जब लिफाफा खोलकर देखा, तो उसके भीतर खून से सना हुआ इंसान का कटा हुआ हाथ मिला।
दुकानदार की चीखें सुनकर आसपास के दुकानदार और लोग मौके पर पहुंचे। वीभत्स घटना की खबर फैलते ही इलाके के लोगों में दहशत पैदा हो गई।
सूत्रों के अनुसार, इस वारदात के तार सुबह रेरू साहिब गुरुद्वारा साहिब के पास घटी हिंसक घटना से जुड़े बताए जा रहे हैं। शनिवार सुबह रेरू साहिब के समीप दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें तेजधार हथियारों के इस्तेमाल की बात सामने आ रही है। हालांकि, अभी घायल युवक लापता है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के पहुंचने में देरी पर भड़के व्यापारी
घटना की सूचना थाना डाबा पुलिस को दी गई। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस करीब डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। गुस्साए लोगों ने प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कटे हुए हाथ को अपने कब्जे में लिया और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। थाना डाबा पुलिस का कहना है कि बागी स्टैंड और आसपास के रास्तों पर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि घायल युवक की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही इस खूनी वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।