Crime- इटावा: होटल संचालक पर कार चढ़ाने की कोशिश, पिस्टल से की फायरिंग, वारदात CCTV में कैद, छह आरोपियों पर रिपोर्ट -#INA

इटावा जिले में सिविल लाइन क्षेत्र में नेशनल हाईवे किनारे स्थित होटल के बाहर खड़े संचालक पर पुरानी रंजिश में कार चढ़ाने का की कोशिश की गई। बचने के लिए कारोबारी होटल के अंदर पहुंचा, तो कार सवार छह आरोपियों ने पीछा करते हुए होटल में घुसकर कट्टा और पिस्टल से फायरिंग कर दी। कारोबारी ने किसी तरह छिपकर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने होटल का गेट भी तोड़ दिया और कारोबारी को दो दिन में पूरे परिवार समेत खत्म करने की धमकी देकर फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सराय दयानत निवासी दुर्गेश कुमार ने सिविल लाइन थाने में दी तहरीर में बताया कि 28 अक्तूबर की रात करीब 10:40 बजे वह नेशनल हाईवे पर सिया देवी अस्पताल के पास स्थित अपने होटल के बाहर खड़े थे। तभी पुरानी रंजिश को लेकर अंकित यादव उर्फ एलएल निवासी कृष्णा पुरम, तनुज उर्फ शक्ति निवासी आनंद नगर, अंकुश निवासी बिठारी, आलोक यादव, अभिनव यादव निवासी भगत सिंह नगर और सुमित पहलवान निवासी छिपैटी कार से वहां पहुंचे।