सीजी- छत्तीसगढ़: जीपीएम में रफ्तार का कहर, दो सड़क हादसों में दो की मौत; तीन घायल, एक बिलासपुर रेफर – INA

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दो अलग-अलग सड़क हादसे हो गए। इन दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पहला हादसा पेंड्रा थाना क्षेत्र के सकोला स्थित राधा-कृष्ण पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। वहीं, दूसरी घटना मरवाही थाना क्षेत्र के कुम्हारी स्थित अमोल नर्सरी के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार वेन्यू कार ने मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। दोनों घटनाओं में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान दो युवकों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Table of Contents

क्रिकेट खेलने जा रहे युवकों को बाइक ने मारी टक्कर, एक की मौत

पहला हादसा पेंड्रा थाना क्षेत्र की कोटमी चौकी के अंतर्गत सकोला स्थित राधा-कृष्ण पेट्रोल पंप के पास हुआ। सेखवा चौरा मोहल्ला निवासी राजपूत केंवट अपने दोस्त मनीष केंवट और तेरस प्रसाद केंवट के साथ क्रिकेट खेलने के लिए भाड़ी जा रहे थे। तीनों होंडा साइन मोटरसाइकिल क्रमांक CG31C3330 से निकले थे। रास्ते में राधा-कृष्ण पेट्रोल पंप के पास उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की और सड़क किनारे खड़े हो गए। इसी दौरान भाड़ी की ओर से आ रही बजाज पल्सर 150 मोटरसाइकिल क्रमांक CG10AU1279 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए तीनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को जिला अस्पताल गौरेला पहुंचाया गया। यहां उपचार के दौरान राजपूत केंवट की मौत हो गई। वहीं, तेरस प्रसाद केंवट की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया, जबकि मनीष केंवट का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

वेन्यू कार ने मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों को मारी टक्कर

दूसरी दुर्घटना मरवाही थाना क्षेत्र के कुम्हारी स्थित अमोल नर्सरी के पास रात करीब आठ बजे हुई। ग्राम कटरा निवासी अमृतलाल पाव अपने दोस्त नरेंद्र सिंह पाव के साथ साप्ताहिक बाजार से लौट रहे थे। रास्ते में वे कुलदीप पाव को पंडरीपानी छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही वेन्यू कार क्रमांक CG31A8048 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए।

हादसे के बाद घायलों को मरवाही अस्पताल ले जाया गया। वहां से रेफर किए जाने के बाद अमृतलाल पाव को जिला अस्पताल गौरेला में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। नरेंद्र सिंह पाव का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि कुलदीप पाव को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।

पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू की

दोनों सड़क हादसों के बाद जीपीएम पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटनाओं से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। हादसों में दो लोगों की जान जाने और तीन लोगों के घायल होने से जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

तेज रफ्तार और वाहन चलाने में लापरवाही के कारण दो परिवारों ने अपने सदस्य खो दिए। इन घटनाओं ने एक बार फिर दिखाया है कि सड़क पर थोड़ी-सी असावधानी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।


Credit By Amar Ujala

Back to top button
Close
Crime
Social/Other
Business
Political
Editorials
Entertainment
Festival
Health
International
Opinion
Sports
Tach-Science
Eng News