सीजी- CG News: मरवाही में धान की रोपाई के दौरान गिरी आकाशीय बिजली, महिला मजदूर की मौत, पांच अन्य घायल – INA

जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। खेत में धान का रोपा लगाने गए आठ मजदूरों में से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच मजदूर घायल हो गए। दो अन्य मजदूर सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार घटना सिवनी चौकी अंतर्गत ग्राम मड़वाही की है। सभी मजदूर गांव के एक किसान के खेत में धान का रोपा लगाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से श्यामबाई लोधाम (32 वर्ष), पति रमेश लोधाम, निवासी ग्राम मड़वाही की मौके पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: CG: माओवाद मुक्त माहौल में बीजापुर मनाएगा स्वतंत्रता दिवस, हर घर तिरंगा अभियान को लेकर कलेक्टर ने दिए निर्देश
हादसे में भानमती लोधाम गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका उपचार मरवाही के सरकारी अस्पताल में जारी है। वहीं हेमवती नागेश, रीता बघेल, पार्वती पांडव और सविताबाई लोधाम को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना के समय मौजूद दो अन्य मजदूर सुरक्षित रहे और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों और परिजनों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने मृतका के परिजनों तथा घायलों को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।