यूपी पीईटी 2026 की प्रथम पाली की परीक्षा दोपहर 12 बजे सम्पन्न हो गई। दूसरी पाली की परीक्षा शाम तीन बजे शुरू होगी जो कि 5 बजे तक चलेगी। यह परीक्षा 25 अक्तूबर, 30 अक्तूबर और एक नवंबर को होनी है। रविवार को परीक्षा के लिए सुबह साढ़े सात बजे से परीक्षार्थियों की एंट्री शुरू हुई और परीक्षा 10 बजे से शुरू हुई। परीक्षार्थियों की ठीक से चेकिंग करने के लिए उनके दो घंटे की एंट्री रखी गई है।
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की पहली पाली की परीक्षा रविवार सुबह 10 बजे से शुरू होकर 12 बजे सम्पन्न हुई। परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी राजधानी के परीक्षा केंद्रों पर सुबह ही पहुंचने लगे। पहली पाली के अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह आठ बजे से थी, जबकि केंद्रों पर प्रवेश सुबह 9:30 बजे बंद हो गया। राजधानी में परीक्षा के लिए 45 केंद्र बनाए गए हैं। दोनों पालियों को मिलाकर करीब 38 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 317 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
कैंची से काटे गए कलावे
इस परीक्षा में एक अलग बात देखने को मिली। यहां गेट पर उन बच्चों के हाथ से कैंची से कलावा काट दिया जो वह पहने हुए थे। इस संबंध में पुलिस भर्ती परीक्षा में सरकार ने यह साफ किया था कि परीक्षा में धार्मिक चिह्नों जैसे कलावा, मंगलसूत्र आदि पर पाबंदी नहीं रहेगी।