खबर शहर , गजब की लापरवाही: सड़क घेरकर बना दिया मेट्रो का प्लेटफार्म, पानी की लाइन भी दबी; ट्रैफिक व्यवस्था हुई फेल – INA

आगरा मेट्रो रेल परियोजना के काम में उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) की बड़ी लापरवाही और मनमानी सामने आई है। आरबीएस कॉलेज मेट्रो स्टेशन के निर्माण के दौरान यूपीएमआरसी ने मुख्य सड़क के एक बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया है। बाग फरजाना रोड पर आधी सड़क पर प्लेटफॉर्म का निर्माण कर दिया है, जिससे सड़क सकरी हो गई है और कॉलेज की ओर जाने का रास्ता बंद हो गया है। बाग फरजाना से जिला जेल जाने वाली सड़क का ट्रैफिक दूसरी लेन से निकल रहा है, जो जेल से आने वाले ट्रैफिक को रोक रहा है।
व्यस्तम चौराहे और सड़क के किनारे पर प्लेटफॉर्म की टाइल्स और फुटपाथ की बाउंड्री (कर्व स्टोन) इस तरह लगाई जा रही है कि सड़क का आधा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया है। क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान ने मेट्रो स्टेशन के निरीक्षण में इस पर आपत्ति दर्ज कराई थी और नगर आयुक्त से भी सड़क और फुटपाथ घेरने की शिकायत की थी। उन्होंने कहा कि आरबीएस कॉलेज रोड पर रोजाना हजारों की संख्या में छात्रों, कामकाजी लोगों और वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। सुबह से शाम तक इस वजह से यहां जाम लग रहा है।
पाइप लाइन में लीकेज पर मचेगा हाहाकार
इस निर्माण की सबसे गंभीर बात यह है कि जिस जगह सड़क को दबाकर प्लेटफॉर्म खड़ा किया जा रहा है, ठीक उसी के नीचे से क्षेत्र की मुख्य पानी की पाइपलाइन गुजर रही है। बाग फरजाना निवासी सतीश जैन ने कहा कि भविष्य में यदि इस पाइपलाइन में कोई लीकेज या टूट-फूट होती है, तो उसे ठीक करने के लिए पूरे पक्के प्लेटफॉर्म को तोड़ना पड़ेगा। इससे कई दिन जलापूर्ति ठप हो सकती है और सरकारी धन की भी बर्बादी होगी। पार्षद ने नगर निगम से हटवाने की मांग की पार्षद संजय राय ने नगर आयुक्त को दिए पत्र में कहा है कि फुटपाथ खत्म करने के साथ एक लेन की 12 से 15 फीट सड़क पर कब्जा कर लिया है। इससे आरबीएस कॉलेज की ओर मुड़ने वाले वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क की माप पर कोई असर नहीं है
यूपीएमआरसी के उप महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा ने बताया कि आरबीएस कॉलेज मेट्रो स्टेशन के सामने रोड जिस माप में पीछे से आ रही है, उसी माप में रखा गया है। स्टेशन के बाहर फुटपाथ/सर्कुलेशन एरिया को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। इससे सड़क के माप पर कोई असर नहीं पड़ा है। स्टेशन पर अधिक भीड़ होने पर सड़क पर जाम नहीं लगेगा। यह निर्णय यात्रियों की सुविधा के लिए लिया गया है।