खबर शहर , Agra News: बटेश्वर धाम में गोताखोरों और मंदिर प्रबंधक से बदसलूकी, भारी गहरे पानी में जाने से रोकने पर भड़के नशे में धुत रसूखदार युवक, वीडियो वायरल – INA

बटेश्वर। प्रसिद्ध तीर्थ धाम बटेश्वर में रविवार को यमुना किनारे कलश विसर्जन के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत कुछ युवकों ने गहरे पानी में जाने से राेकने पर न सिर्फ गोताखोरों के साथ बदतमीजी की बल्कि मंदिर कार्यालय में घुसकर प्रबंधक को जान से मारने की धमकी भी दे डाली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बटेश्वर में यमुना घाट पर कलश विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवक नशे की हालत में गहरे पानी की तरफ जाने लगे। घाट पर तैनात गोताखोरों ने अनहोनी की आशंका को देखते हुए जब उन्हें . बढ़ने से रोका, तो युवक भड़क गए और गोताखोरों के साथ गाली-गलौज करने लगे। घाट पर हंगामा करने के बाद आरोपी युवक सीधे मंदिर कार्यालय में जा घुसे। वहां उन्होंने मंदिर प्रबंधक अजय भदौरिया के साथ अभद्रता की। खुद को राजनीतिक रसूखदार बताते हुए उन्हें देख लेने और जान से मारने की धमकी दी। इस पूरी घटना का एक वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मंदिर प्रबंधक अजय भदौरिया ने स्थानीय चौकी में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।